Surat News: गुरुवार दोपहर 12:30 बजे पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर एक ऐसी खबर आई जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। जानकारी के मुताबिक, सारोली क्षेत्र में बिहार के रहने वाले एक युवक ने महज साढ़े तीन साल की एक मासूम बच्ची को अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि, समय रहते मां के पहुंच जाने से आरोपी को वारदात की जगह पर ही पकड़ा लिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर उसको पुलिस के हवाले कर दिया।
सूरत में मासूम के साथ दरिंदगी
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सारोली क्षेत्र स्थित नेचरवेली होम्स के पीछे कृष्णा पार्क इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक मजदूर परिवार रहता है। गुरुवार दोपहर परिवार के सदस्य नीचे कारखाने में काम में व्यस्त थे। इसी दौरान साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची ऊपर के कमरे में अकेली थी। बच्ची की मां अपने पति को नीचे बुलाने गई थी, बस कुछ मिनटों की यह अनुपस्थिति एक दरिंदे के लिए मौका बन गई। जब बच्ची बाथरूम गई, तो उसी इमारत में रहने वाले बिहार निवासी मोजब्बीर मोहम्मद हसामुद्दीन (उम्र 21 वर्ष) ने छत से उतरकर बाथरूम में घुसपैठ की और मासूम के साथ गंदा काम किया।
पुलिस के सामने कबूल किया जुर्म
सौभाग्य से बच्ची की मां उसी वक्त ऊपर आ पहुंची और बाथरूम का दृश्य देखकर सन्न रह गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़ आए और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और फिर सारोली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के सामने पेश होते ही आरोपी ने अपनी गलती कबूल कर ली और माफी मांगते हुए कहा, 'मुझसे गलती हो गई, मुझे माफ कर दो। आरोपी ने बताया कि उसने आवेश में यह कदम उठाया। सारोली पुलिस स्टेशन ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है।
