Zurich Company To Buy Kotak General Insurance: ज्यूरिख इंश्योरेंस कंपनी 4,051 करोड़ रुपये में कोटक जनरल इंश्योरेंस में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी में है। कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार, शुरूआती हिस्सेदारी खरीदने के 3 साल बाद ज्यूरिख इंश्योरेंस 19 प्रतिशत की अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी। ज्यूरिख का निवेश, किसी भी विदेशी इंश्योरेंस कंपनी द्वारा भारतीय गैर-जीवन बीमा कंपनी में इंश्योरेंस सेक्टर में सबसे बड़ा निवेश है। अभी इस सौदे को RBI, IRDAI और CCI की मंजूरी मिलनी बाकी है। सौदे की मंजूरी के बाद कोटक जनरल इंश्योरेंस कोटक बैंक की सब्सिडियरी नहीं रह जाएगी। गैर-जीवन (नॉन-लाइफ) बीमा बाजार में कोटक जनरल इंश्योरेंस की बाजार हिस्सेदारी सितंबर तक 0.52 प्रतिशत थी।
इंश्योरेंस सेक्टर की बड़ी डील
क्यों खरीद रही है हिस्सेदारी
एशिया प्रशांत के लिए ज्यूरिख के मुख्य कार्यकारी तुलसी नायडू ने कहा कि भारत अपार संभावनाओं वाले दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है और हम एक उत्कृष्ट भागीदार के साथ महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता से खुश हैं। कोटक जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी दीपक गुप्ता ने कहा कि संबंधित कंपनियों की संयुक्त विशेषज्ञता तथा संसाधन हमें अपने ग्राहकों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए अभिनव समाधान प्रदान करने में सक्षम बनाएंगे।
क्या बदलेगा
कंपनी के अनुसार, कोटक महिंद्रा बैंक और कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस कंपनी ने ज्यूरिख इंश्योरेंस कंपनी के साथ हिस्सेदारी बिक्री के लिए एक समझौता किया है।कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस कंपनी के चेयरमैन गौरांग शाह ने कहा कि कंपनी ने मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ एक बहु-उत्पाद फ्रेंचाइजी बनाने के लिए निवेश किया है। उम्मीद है कि ज्यूरिख कोटक जनरल इंश्योरेंस को तेजी से बढ़ने में मदद करेगा। वित्त वर्ष 2013 के लिए इसका सकल प्रीमियम 1,148.30 करोड़ रुपये था और शेयर बिक्री के ‘मूल्य पोस्ट-मनी’ मूल्यांकन पर सामान्य बीमा कंपनी का मूल्य 7,943 करोड़ रुपये है।
