Smart Wedding Planning Tips To Save Money: शादी हर किसी के जीवन का सबसे खास दिन होता है। हर व्यक्ति अपनी शादी को यादगार बनाना चाहता है, लेकिन शादी को यादगार बनाने के लिए यह बिल्कुल भी जरूरी नहीं कि इसके लिए ज्यादा पैसा खर्च किया जाए। सही योजना और स्मार्ट बजटिंग से आपका यह दिन खूबसूरत और खास बन सकता है। इस आर्टिकल में आपको कुछ आसान और बजट वेडिंग टिप्स ही देने जा रहे हैं।
शादी पर कैसे बचाया पैसा (Photo: iStock)
जरूरी चीज के लिए बजट
शुरुआत में यह तय करें कि शादी में आपके लिए सबसे ज्यादा जरूरी क्या है जैसे शानदार वेन्यू, प्रोफेशनल फोटोग्राफी या डिजाइनर आउटफिट। इन महत्वपूर्ण चीजों के लिए बजट ज्यादा रखें और कम जरूरी खर्चों पर कटौती करें। इससे आपकी शादी की खास यादें बिना अतिरिक्त खर्च के शानदार रहेंगी।
ऑफ-सीजन या वीकडे डेट
बहुत कम लोगों को जानकारी होगी कि मार्च से अगस्त के बीच या वीकडे पर आयोजित होने वाली शादियां आमतौर पर कम खर्चीली होती हैं क्योंकि इस समय मांग कम रहती है। इस अवधि में वेन्यू, कैटरर और डेकोरेटर भी अधिक फ्लेक्सिबल होते हैं और आप बेहतर रेट पर सर्विस पा सकते हैं।
बजट-फ्रेंडली वेन्यू
महंगे बैंक्वेट हॉल या डेस्टिनेशन रिसॉर्ट के बजाय कम लागत वाले विकल्प चुनें, जैसे कम्युनिटी हॉल, घर का लॉन या लोकल क्लब का ओपन-एयर स्पेस। इससे खर्च काफी कम होगा और सजावट में भी आप अपनी क्रिएटिविटी दिखा सकते हैं।
गेस्ट लिस्ट
एक बात गांठ बांध लें कि जितने ज्यादा मेहमान होंगे, उतना ज्यादा खर्च होगा। खाने, बैठने और रिटर्न गिफ्ट पर खर्च को कंट्रोल करने के लिए गेस्ट लिस्ट को सीमित रखें। इससे आपका बजट कंट्रोल में रहेगा और शादी का आयोजन भी आरामदायक और यादगार होगा।
रेंट करें, खरीदें नहीं
आउटफिट्स, ज्वेलरी और डेकोरेशन आइटम्स को खरीदने के बजाय रेंट पर लेने के ऑप्शन पर जा सकते हैं। इससे स्टाइलिश लुक के साथ-साथ आपका खर्च भी काफी कम हो जाएगा। यह तरीका प्रैक्टिकल होने के साथ बजट फ्रेंडली भी है।
वेडिंग लोन
अगर आपके पास शादी करने के लिए पैसे कम हैं तो वेडिंग लोन की मदद ले सकते हैं। बैंक आपके इस खास और बड़े दिन के खर्चों को आसान EMI में बांटकर वित्तीय तनाव को कम करने में मदद कर सकते हैं।
