स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) को संबोधित करते हुए यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका दुनिया की इकोनॉमी का इंजन है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि टैरिफ की वजह से अमेरिकी इकोनॉमी को अभूतपूर्व ताकत मिली है। ट्रंप ने कहा कि टैरिफ के दम पर उन्होंने अमेरिका में 18 ट्रिलियन डॉलर के निवेश वादे हासिल किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसे इन्वेस्टमेंट कमिटमेंट्स की वैल्यू 20 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है।
दावोस में ट्रंप (इमेज क्रेडिट, WEF)
आर्थिक नीतियों का किया बचाव
ट्रंप ने दावा किया कि उनके एजेंडे ने अमेरिका में “आर्थिक चमत्कार” पैदा किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अंदेशा जताया था कि उनके टैरिफ और फेडरल कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी से देश को नुकसान होगा, वे गलत साबित हुए हैं। उन्होंने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच से कहा, “हमने उन्हें गलत साबित कर दिया है।” ट्रंप ने कहा, “एक साल में हमारे एजेंडे ने ऐसा बदलाव किया है, जैसा अमेरिका ने 100 साल से ज्यादा समय में नहीं देखा।”
टैरिफ सफल रहे
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उनका टैरिफ प्लान सफल रहा है। वे ट्रेड डेफिसिट को बड़े पैमाने पर घटाने की दिशा में सही ट्रैक पर हैं, जबकि इस बात को लेकर व्यापक चिंता है कि टैरिफ से उपभोक्ताओं के लिए कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने बिना किसी सबूत के यह भी दावा किया कि उनकी सरकार में नौकरी से निकाले गए फेडरल कर्मचारी अब प्राइवेट सेक्टर में बेहतर नौकरियां पा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जब हमने उन्हें निकाला तो वे मुझसे नफरत करते थे, और अब वे मुझसे प्यार करते हैं।” ट्रंप ने यह भी दावा किया कि कुछ कर्मचारियों की सैलरी अब उनकी फेडरल सैलरी से दोगुनी या तिगुनी हो गई है।
यूरोप सही दिशा में नहीं जा रहा
ट्रंप ने टैरिफ और ग्रीनलैंड को लेकर चल मतभेदों पर बात करते हुए कहा कि आज यूरोप सही दिशा में नहीं चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कुछ यूरोपीय देशों ने अमेरिका के ग्रीनलैंड से जुड़े सुरक्षा और रणनीतिक हितों का समर्थन नहीं किया, तो उन देशों के सामान पर फरवरी से 10% और जून से 25% तक टैरिफ लागू किया जाएगा, और यह शुल्क “डील होने तक” जारी रहेगा। इसे उन्होंने यूरोप की नीतियों पर दबाव बनाने का तरीका बताया है। इस कदम को यूरोपीय नेताओं और यूनियन के शीर्ष अधिकारियों ने “गलत” और “वित्तीय व राजनैतिक तनाव” बढ़ाने वाला बताया है। यूरोप पर आर्थिक नीति में अमेरिका की राह अपनाने का दबाव बनाते हुए ट्रंप ने विंडमिल्स के मुद्दे को उठाते हुए कहा, “असरहीन और नुकसान देने वाली विंडमिल्स बनाने के बजाय, हम उन्हें हटाने जा रहे हैं और किसी नई विंडमिल को मंजूरी नहीं दे रहे।” इसके बाद उन्होंने इन्हें “ग्रीन न्यू स्कैम” का हिस्सा बताते हुए कहा कि ये “आपकी जमीन को बर्बाद कर देती हैं।”
