चीन को लौटाया मगर भारत को दी राह; 94000 टन LPG लेकर हॉर्मुज से सुरक्षित आ रहे दो जहाज; गैस संकट पर लगेगा ब्रेक

भारत अपनी घरेलू जरूरत का लगभग 60% एलपीजी आयात करता है, जिनमें से 90% से अधिक पारंपरिक रूप से पश्चिम एशिया से आता है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के लगभग बंद होने के बाद भारत अमेरिका और अर्जेंटीना जैसे देशों से वैकल्पिक सप्लाई लाइनें सक्रिय कर रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और लगभग ठप पड़े हॉर्मुज जलडमरूमध्य के बीच भारत के लिए राहत की खबर आई है। देश के दो और भारतीय-फ्लैग वाले LPG टैंकर BW TYR और BW ELM हॉर्मुज को सफलतापूर्वक पार कर चुके हैं। ये दोनों जहाज 94,000 टन LPG लेकर युद्धग्रस्त क्षेत्र से आ रहे हैं। अधिकारियों के बयान के मुताबिक, दोनों जहाजों के अगले दो दिनों में भारतीय तटों पर पहुंचने की उम्मीद है।

LPG Vessels

LPG गैस लेकर भारत आ रहे दो पोत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

एक मुंबई तो दूसरा न्यू मंगलोर पोर्ट पर डालेगा लंगर

सरकारी बयान के मुताबिक, BW TYR 31 मार्च को मुंबई पहुंचेगा, जबकि BW ELM एक अप्रैल को न्यू मंगलोर पोर्ट पर लंगर डालेगा। यह ट्रांजिट ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका-इजराइल हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के चलते हॉर्मुज की समुद्री आवाजाही लगभग ठप हो चुकी है। इसी क्रम में ईरान ने पिछले दिनों चीन के दो जहाजों को वापस लौटा दिया था और उन्हें हॉर्मुज नहीं क्रॉस करने दिया था। ईरान ने कुछ समय पहले घोषणा की थी कि उसके मित्र देशों के जहाज जरूरी समन्वय के बाद स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजर सकते हैं।

End of Feed