बैंक आसानी से नौकरीपेशा लोगों को Personal Loan दे देते हैं। इसके चलते कई बार लोग अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए एक के बाद एक पर्सनल लोन लेते हैं और कर्ज के जाल में फंसते चले जाते हैं। अगर आप भी हर महीने दो या तीन पर्सनल लोन की EMI चुका रहे हैं, तो यह सोचना स्वाभाविक है कि क्या सिर्फ एक लोन होने से जिंदगी आसान हो जाएगी। कई लोन का हिसाब रखने के मुकाबले, एक ड्यू डेट, एक लेंडर और एक महीने का पेमेंट निश्चित रूप से कम तनावपूर्ण लगता है। लेकिन फाइनेंशियल एक्सपर्ट का कहना है कि कई लोन को एक में मिलाना सिर्फ इसलिए नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे आपके लोन चुकाने का तरीका आसान या व्यवस्थित दिखता है। असली सवाल यह है कि क्या इससे आपकी आर्थिक स्थिति सच में बेहतर होती है। यानी आप पर लोन का बोझ कम होता है। आप जो ब्याज चुका रहे हैं, उसमें कमी आई? आइए समझते हैं कि कब कई लोन को बंद कर एक लोन का विकल्प चुनना चाहिए।
पर्सनल लोन
अगर ब्याज दर में बचत हो रही है?
बैंकिंग एक्सपर्ट का कहना है कि कई लोन को बंद कर एक लोन का विकल्प तब चुनना चाहिए जब आपको मंथली ब्याज में बचत हो। जब किसी बैंक से आपको कम ब्याज पर पर्सनल लोन मिल रहा हो, जिससे कुल ईएमआई में कमी आ जाएगी तक कई लोन को बंद कर एक का विकल्प चुनना चाहिए। अगर ऐसा नहीं है तो फालूत के प्रोसेसिंग फीस और डॉक्यूमेंटेशन जैसे खर्चों में आपकी बचत खत्म हो सकती है।
इन बातों की जानकारी है जरूरी
कई लोन को एक साथ करने के बाद अक्सर लंबी लोन अवधि मिलती है, जिससे EMI कम हो जाती है। अगर आपको अपने कैश फ्लो को मैनेज करने में दिक्कत हो रही है, तो यह आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इसमें एक नुकसान भी है। कम EMI का मतलब आमतौर पर यह होता है कि आप लंबे समय तक ब्याज चुकाएंगे। इस वजह से, आखिर में यह लोन महंगा पड़ सकता है।
वहीं, सही उधार लेने वाले के लिए, पर्सनल लोन को कंसोलिडेट करने से रीपेमेंट आसान हो सकता है और कुछ मामलों में, उधार लेने की कुल लागत कम हो सकती है। लेकिन सिर्फ EMI के आधार पर फैसला न करें। ब्याज दर, कुल रीपेमेंट राशि, चार्ज और लोन की अवधि की सावधानी से तुलना करें। एक EMI निश्चित रूप से ज्यादा सुविधाजनक है, लेकिन सबसे अच्छा लोन वह है जो आपको कर्ज से बाहर निकलने में मदद करे न कि वह जो सिर्फ कर्ज में बने रहना आसान बना दे।
