बिजनेस

Credit Card इस्तेमाल करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां, हो सकता है बड़ा नुकसान

क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल को लेकर एक छोटी-सी लापरवाही भी आपको क्रेडिट कार्ड फ्रॉड का शिकार बना सकती है।

Image

क्रेडिट कार्ड का ऐसे करें इस्तेमाल (Photo: iStock)

आज के समय में क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल हर दूसरा व्यक्ति कर रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग, बिल पेमेंट, ट्रैवल बुकिंग और दूसरे खर्चों के लिए लोग क्रेडिट कार्ड को एक आसान विकल्प मानते हैं। हालांकि, सुविधा के साथ-साथ इसके इस्तेमाल में सावधानी बरतना भी बेहद जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही आपको क्रेडिट कार्ड फ्रॉड का शिकार बना सकती है और बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है। कई बार स्कैमर्स फर्जी कॉल, नकली वेबसाइट, संदिग्ध लिंक या झूठे ऑफर के जरिए कार्ड की जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए कुछ आसान सुरक्षा आदतों (Credit Card Safety Tips) को अपनाना जरूरी है-

Credit Card अलर्ट को हमेशा रखें एक्टिव

क्रेडिट कार्ड से होने वाले हर ट्रांजैक्शन की जानकारी के लिए SMS और ईमेल अलर्ट ऑन रखें। अगर आपके कार्ड से कोई ऐसा ट्रांजैक्शन होता है, जिसे आपने नहीं किया है तो आपको तुरंत इसकी जानकारी मिल सकती है और समय रहते कार्रवाई की जा सकती है।

OTP- CVV की जानकारी किसी से साझा न करें

बैंक या कार्ड कंपनी कभी भी OTP, PIN या CVV जैसी जानकारी नहीं मांगती है। फ्रॉड करने वाले अक्सर बैंक कर्मचारी बनकर कॉल करते हैं और कार्ड ब्लॉक होने या रिवॉर्ड मिलने का झांसा देकर जानकारी मांगते हैं। ऐसे किसी भी कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और तुरंत संपर्क खत्म कर दें।

अनजान लिंक और फर्जी वेबसाइट से रहें सावधान

आजकल साइबर अपराधी असली दिखने वाली नकली वेबसाइट बनाकर लोगों से कार्ड डिटेल भरवा लेते हैं। किसी भी मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया लिंक के जरिए पेमेंट करने से पहले वेबसाइट की सत्यता जांच लें। खासकर ऐसे लिंक से बचें जिनमें तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बनाया जाता है।

पब्लिक Wi-Fi पर कार्ड से पेमेंट करने से बचें

कैफे, एयरपोर्ट या अन्य सार्वजनिक जगहों पर मिलने वाले फ्री Wi-Fi नेटवर्क सुरक्षित नहीं हो सकते हैं। ऐसे नेटवर्क पर बैंकिंग या कार्ड पेमेंट करने से आपकी जानकारी चोरी होने का खतरा बढ़ सकता है। ऑनलाइन पेमेंट करते समय मोबाइल डेटा या भरोसेमंद नेटवर्क का इस्तेमाल करना बेहतर है।

क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट को नियमित रूप से जांचें

कई लोग सिर्फ बिल भरने पर ध्यान देते हैं, लेकिन स्टेटमेंट की जांच करना भी जरूरी है। हर महीने अपने कार्ड स्टेटमेंट को ध्यान से देखें और किसी भी अनजान ट्रांजैक्शन, अतिरिक्त शुल्क या गलत एंट्री की तुरंत शिकायत करें। समय पर पहचान होने से नुकसान को कम किया जा सकता है।

पुराने या इस्तेमाल न होने वाले फीचर बंद करें

अगर आप अपने कार्ड पर इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन या कॉन्टैक्टलेस पेमेंट जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो उन्हें बंद रखना बेहतर हो सकता है। इससे अनधिकृत इस्तेमाल का जोखिम कम किया जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article