अगर आप शेयर बाजार से कमाई करते हैं तो ये खबर आपके बहुत ही काम की साबित हो सकती है। भारत में आमतौर पर शनिवार और रविवार के दिन शेयर बाजार बंद रहते हैं। लेकिन इस बार एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले साल एक दिन के लिए रविवार को भी शेयर बाजार खुला रहेगा। जी हां, 1 फरवरी 2026, रविवार के दिन जब देश का आम बजट पेश किया जाएगा, उसी दिन BSE और NSE दोनों शेयर बाजार खुले रहेंगे। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि निवेशक और ट्रेडर्स बजट की घोषणाओं पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकें।
सरकार ने क्यों लिया फैसला?
सरकार के बजट में नई टैक्स नीतियां, आर्थिक सुधार, सरकारी योजनाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च, नौकरी से जुड़े ऐलान और आम जनता को राहत देने वाले कदम शामिल होते हैं। इन फैसलों का सीधा असर शेयर बाजार और निवेशकों की रणनीति पर पड़ता है। ऐसे में अगर बाजार बंद रहे, तो घोषणा और ट्रेडिंग के बीच एक दिन का बड़ा गैप बन जाता है, जिससे बाजार में सोमवार को जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इसी जोखिम को कम करने के लिए एक्सचेंज ने फैसला लिया है कि बाजार बजट वाले रविवार को भी खुलेगा।
खरीद बेच सकेंगे शेयर
इस विशेष ट्रेडिंग सेशन का फायदा निवेशकों को यह होगा कि वे बजट घोषणाओं पर तुरंत खरीद-बिक्री कर सकेंगे। जिन सेक्टर्स पर बजट का बड़ा असर पड़ता है जैसे बैंकिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, रक्षा, टेक्नोलॉजी और टैक्स से जुड़ी कंपनियां उनमें तुरंत हलचल दिख सकती है। कई बार सरकार ऐसे फैसले लेती है जो कुछ कंपनियों के लिए पॉजिटिव और कुछ के लिए नेगेटिव साबित होते हैं। इसलिए रियल-टाइम मार्केट खुला होने से निवेशक अपने पोर्टफोलियो को बेहतर तरीके से मैनेज कर पाएंगे।
उतार-चढ़ाव बनी रहेगी
हालांकि, यह भी सच है कि बजट वाले दिन बाजार में काफी वोलैटिलिटी रहती है। ट्रेडिंग के दौरान तेज गिरावट और तेज उछाल दोनों देखने को मिलते हैं। शुरुआती संकेत बताते हैं कि बजट से पहले फ्यूचर्स मार्केट में हल्की कमजोरी रहती है, इसलिए इस दिन ट्रेडिंग करते समय सावधानी रखना जरूरी है। निवेशकों को जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने के बजाय अपनी रणनीति पर टिके रहना चाहिए। खासकर नए निवेशकों को बजट के दिन भारी उतार-चढ़ाव से बचते हुए केवल वही कदम उठाना चाहिए, जिसके लिए वे पहले से तैयार हों।
शेयर बाजारों का बजट के दिन खुलना कोई नई बात नहीं है। जब भी बजट वीकेंड पर पड़ा है, एक्सचेंजों ने बाजार खोलने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बजट से होने वाले प्रभाव तुरंत बाजार में दिखाई दें, और निवेशकों को सप्ताहांत के बाद किसी बड़े शॉक का सामना न करना पड़े। इस बार भी 1 फरवरी 2026 रविवार होने के बावजूद एक्सचेंजों ने एक विशेष ट्रेडिंग सेशन की घोषणा कर दी है, जिसे सभी निवेशकों ने सकारात्मक रूप से लिया है।
