Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 23 September 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नवरात्रि के दूसरे दिन भी सोने-चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल हुई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट के सोने की कीमत बढ़कर 1,14,314 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 1,35,267 रुपये प्रति किलो हो गई। वहीं अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को सोने की कीमतें बढ़कर 1,18,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गई। वहीं दिल्ली में चांदी की कीमतें चढ़कर 1,39,600 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गईं। उधर वायदा कारोबार में सोने का भाव मंगलवार को चढ़कर 1,12,750 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी की वायदा कीमत बढ़त के साथ 1,34,016 रुपये प्रति किलोग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई। आगे IBJA के मुताबिक जानिए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| शुद्धता | सुबह का रेट | दोपहर का रेट | शाम का रेट |
| सोना 24 कैरेट | 112155 रुपये प्रति 10 ग्राम | 113498 रुपये प्रति 10 ग्राम | 114314 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 23 कैरेट | 111706 रुपये प्रति 10 ग्राम | 113044 रुपये प्रति 10 ग्राम | 113856 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 22 कैरेट | 102734 रुपये प्रति 10 ग्राम | 103964 रुपये प्रति 10 ग्राम | 104712 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 18 कैरेट | 84116 रुपये प्रति 10 ग्राम | 85124 रुपये प्रति 10 ग्राम | 85736 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 14 कैरेट | 65611 रुपये प्रति 10 ग्राम | 66396 रुपये प्रति 10 ग्राम | 66874 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| चांदी 999 | 132869 रुपये प्रति किलो ग्राम | 134050 रुपये प्रति किलो ग्राम | 135267 रुपये प्रति किलो ग्राम |
पिछले दिन क्या रहे सोना के दाम
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार मजबूत वैश्विक संकेतों से उत्साहित होकर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें 2,200 रुपये बढ़कर 1,16,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चस्तर पर पहुंच गई। निवेशक नीतिगत दिशा के लिए अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की महत्वपूर्ण टिप्पणी का इंतजार कर रहे हैं। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 1,14,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ थी। स्थानीय सर्राफा बाजार में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,150 रुपये बढ़कर 1,15,650 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। पिछले बाजार सत्र में यह 1,13,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना एक प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3,728.43 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
पिछले दिन क्या रहे चांदी के दाम
चालू कैलेंडर वर्ष में कीमती धातु की कीमतों में 37,250 रुपये प्रति 10 ग्राम या 47.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह 31 दिसंबर, 2024 को 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। इस बीच, सोमवार को चांदी की कीमतें 4,380 रुपये बढ़कर 1,36,380 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गईं। एसोसिएशन के अनुसार, शुक्रवार को चांदी 1,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस साल अबतक, चांदी की कीमतें 31 दिसंबर, 2024 के 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम से 46,680 रुपये प्रति किलोग्राम या 52.04 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी के रुख के अनुरूप, घरेलू बाजारों में सोना और चांदी दोनों रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नरम रुख वाले संकेत से पता चलता है कि इस साल के अंत तक दो और ब्याज दरों में कटौती की संभावना है, जिससे अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड प्रतिफल में बढ़त सीमित हो सकती है, जबकि कीमती धातुओं की कीमतों को बल मिल सकता है। गांधी ने कहा कि इसके अलावा, एक्सचेंज-ट्रेडेड कोषों में मजबूत निवेश और केंद्रीय बैंकों की निरंतर रुचि ने भी सर्राफा कीमतों में वृद्धि में योगदान दिया है।
कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा कि निवेशक आगे की दिशा के बारे में संकेत लेने के लिए, दिन के उत्तरार्द्ध में आने वाले फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) के कई अधिकारियों की टिप्पणियों तथा मंगलवार को फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के प्रमुख भाषण का इंतजार कर रहे हैं, जिससे हाजिर सोना 3,728 डॉलर प्रति औंस के नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।
सोना का वायदा भाव
मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों के ताजा सौदों से वायदा कारोबार में सोने का भाव सोमवार को 799 रुपये चढ़कर 1.11 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 799 रुपये यानी 0.72 प्रतिशत चढ़कर 1,11,750 प्रति 10 ग्राम हो गई। हालांकि, सबसे अधिक कारोबार करने वाले अक्टूबर आपूर्ति वाले अनुबंधों में सोने का भाव 761 रुपये या 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,10,608 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले सप्ताह यह 1,10,666 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर पहुंचा था।
चांदी का वायदा भाव
चांदी में भी तेजी देखी गई और यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। अगले साल मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 2,446 रुपये या 1.86 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,33,582 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इसी तरह, दिसंबर में आपूर्ति वाले सबसे अधिक कारोबार वाले चांदी के वायदा अनुबंध की कीमत 2,473 रुपये या 1.9 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,32,311 रुपये प्रति किलोग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गए। कारोबारियों का कहना है कि रुपये में कमजोरी और घरेलू बाजार में निराशाजनक माहौल ने सोने की कीमतों को और मजबूती दी। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,732.62 डॉलर प्रति औंस रहा। इस बीच, दिसंबर में आपूर्ति वाली चांदी का वायदा भाव 2.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 43.88 डॉलर प्रति औंस रहा।
