रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 33.8 फीसदी बढ़कर 29,550 करोड़ रुपये हो गया। यह कंपनी का अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा है। वहीं, कंपनी की कुल कमाई यानी ग्रॉस रेवेन्यू भी 27.8 फीसदी बढ़कर 3,62,268 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भी कंपनी का कुल मुनाफा पहली बार 50 हजार करोड़ रुपये के पार चला गया है।
रिलायंस के मुनाफे के साथ-साथ प्रति शेयर कमाई यानी EPS में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है।
रिलायंस के इस शानदार प्रदर्शन में ऑयल-केमिकल (O2C) कारोबार का बड़ा योगदान रहा। इस कारोबार का EBITDA यानी कामकाज से होने वाली कमाई पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 67.9 फीसदी बढ़कर 25,203 करोड़ रुपये हो गई। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं, इस कारोबार की कुल कमाई 44.2 फीसदी बढ़कर 2,31,601 करोड़ रुपये पहुंच गई।
इस कारोबार की कमाई बढ़ने की मुख्य वजह पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधनों की रिफाइनिंग से ज्यादा मुनाफा मिलना और पॉलिएस्टर कारोबार में बेहतर मार्जिन रहा। पॉलिएस्टर कारोबार का मार्जिन पिछले तीन साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।
कच्चे तेल की सप्लाई में परेशानी के बावजूद रिकॉर्ड उत्पादन
दुनियाभर में ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल की सप्लाई में दिक्कतों के बावजूद रिलायंस ने अपना काम बेहतर तरीके से जारी रखा। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में परेशानी आने के बाद भी कंपनी ने कच्चे तेल की कमी नहीं होने दी। इसके लिए रिलायंस ने लैटिन अमेरिका, उत्तरी अमेरिका और भूमध्यसागरीय इलाकों से कच्चे तेल की सप्लाई की व्यवस्था की। कंपनी ने इस दौरान रिकॉर्ड मात्रा में कच्चे तेल को रिफाइन किया। इससे देश में पेट्रोल और डीजल की मांग पूरी करने में भी मदद मिली।
जियो और रिटेल कारोबार ने भी बढ़ाई कमाई
रिलायंस के टेलीकॉम कारोबार जियो का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। जियो प्लेटफॉर्म्स की कमाई और मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, रिलायंस रिटेल ने भी अपने कारोबार का विस्तार जारी रखा। कंपनी ने सितंबर तिमाही में 303 नए स्टोर खोले और ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े कारोबार को भी आगे बढ़ाया।
इसके अलावा जियोस्टार की कमाई में भी बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कंपनी के ऑयल एंड गैस कारोबार की कमाई में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। इस कारोबार में कोल बेड मीथेन (CBM) का उत्पादन जरूर बढ़ा।
कंपनी की प्रति शेयर कमाई में भी बढ़ोतरी
रिलायंस के मुनाफे के साथ-साथ प्रति शेयर कमाई यानी EPS में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। सितंबर तिमाही में कंपनी की प्रति शेयर कमाई बढ़कर 18.88 रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 13.42 रुपये थी। इतना ही नहीं, जून तिमाही के मुकाबले भी कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल से जून 2026 के बीच कंपनी ने 20,946 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।
कंपनी की कुल कमाई में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी
रिलायंस इंडस्ट्रीज का कुल EBITDA यानी कारोबार से होने वाली कमाई 23.9 फीसदी बढ़कर 62,409 करोड़ रुपये हो गई। यह भी कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा तिमाही आंकड़ा है। कंपनी आने वाले समय के कारोबार को ध्यान में रखते हुए नई ऊर्जा यानी न्यू एनर्जी से जुड़ी परियोजनाओं में भी लगातार निवेश कर रही है। कुल मिलाकर जियो, रिटेल और ऑयल-केमिकल कारोबार के अच्छे प्रदर्शन से रिलायंस ने इस तिमाही में कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
