अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए RBI ने उठाए कई कदम, जानिए बड़ी बातें क्या-क्या हैं

Monetary Policy Review Highlights: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश की अर्थव्यवस्था की गति को बढ़ाने के लिए रेपो रेट को 0.5 प्रतिशत घटाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया है। द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा पेश करते हुए आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कई बड़ी बातें बताईं। यहां जानिए मौद्रिक नीति समीक्षा की मुख्य बातें क्या-क्या हैं।

Monetary Policy Review Highlights : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार (06 जून 2025) को घरेलू अर्थव्यवस्था को गति देने के मकसद से प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 0.5 प्रतिशत घटाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा पेश करते हुए कहा कि वैश्विक स्थिति नाजुक, विभिन्न देशों में आर्थिक परिदृश्य कमजोर बना हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता के बीच केंद्रीय बैंक ने यह कदम उठाया है। साथ ही जानिए उन्होंने और क्या-क्या कहा।

Monetary Policy Review Highlights

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने एमपीसी की बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी।

मौद्रिक नीति समीक्षा की मुख्य बातें (Monetary Policy Review Highlights)

  1. आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कमजोर आर्थिक परिदृश्य के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है।
  2. आरबीआई गवर्नर मल्होत्रा ने प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 0.50 प्रतिशत घटाकर 5.50 प्रतिशत किया।
  3. आरबीआई गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था निवेशकों के लिए अपार अवसर प्रदान करती है।
  4. आरबीआई गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए मुद्रास्फीति का अनुमान 4 प्रतिशत से घटाकर 3.7 प्रतिशत किया गया।
  5. आरबीआई गवर्नर ने कहा कि काफी तेजी से रेपो रेट में 1 प्रतिशत की कटौती के बाद अब मौद्रिक नीति में वृद्धि को समर्थन देने के लिए सीमित गुंजाइश।
  6. आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी वृद्धि का अनुमान 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा, भू-राजनीतिक तनाव एवं मौसम संबंधी अनिश्चितताएं बाधाएं उत्पन्न कर सकती हैं।
  7. आरबीआई गवर्नर ने कहा कि अब एमपीसी भविष्य की नीति तैयार करने के लिए आय के आंकड़ों और उभरते परिदृश्य का सावधानीपूर्वक आकलन करेगी।
  8. आरबीआई गवर्नर ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में चालू खाते का घाटा (कैड) कम रहा; 2025-26 में भी प्रबंधन के स्तर पर बना रहेगा।
  9. आरबीआई गवर्नर ने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार 691.5 अरब अमेरिकी डॉलर पर, 11 महीने से अधिक की आयात जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त। बाह्य क्षेत्र मजबूत बना हुआ है।
  10. गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में गिरावट के बावजूद भारत आकर्षक गंतव्य बना हुआ है।
  11. आरबीआई ने नकद आरक्षित अनुपात (CRR) 1 प्रतिशत घटाने की घोषणा की, इससे बैंकों के पास 2.5 लाख करोड़ रुपये की नकदी बढ़ेगी।
  12. आरबीआई गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति का मानना है कि ब्याज दर में कटौती से आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
  13. गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार उम्मीद के अनुरूप।
  14. आरबीआई गवर्नर ने कहा कि नकदी के ‘संतोषजनक’ स्तर पर होने से बैंक ग्राहकों को कम ब्याज दर का लाभ तेजी से दे सकेंगे।

End of Feed