पैसों की अचानक जरूरत पड़ने पर सोने के गहनों के बदले लोन लेना (Gold Loan) एक बेहतर विकल्प हो सकता है। मेडिकल खर्च, पढ़ाई या कारोबार जैसी जरूरतों के लिए गोल्ड लोन से पैसा जुटाया जा सकता है। अच्छी बात ये है कि कर्ज चुकाने पर गहने वापस भी मिल जाते हैं। हालांकि, गोल्ड लोन को लेकर जल्दबाजी में लिया गया फैसला महंगा पड़ सकता है। इसलिए गोल्ड लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें-
Gold Loan लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान (AI Generated Image)
जरूरत के मुताबिक ही लें रकम
लेंडर सोने की कीमत के आधार पर आपको अधिकतम कितनी रकम मिल सकती है, यह बता सकता है। लेकिन पूरी पात्र राशि उधार लेना जरूरी नहीं है। अपनी वास्तविक जरूरत का आकलन करें और उतना ही लोन लें। ज्यादा रकम लेने से ब्याज और भुगतान का बोझ बढ़ेगा।
सोने की वैल्यूएशन समझें
लोन की रकम केवल गहनों के कुल वजन से तय नहीं होती। सोने की शुद्धता, नेट वजन और मौजूदा बाजार भाव भी अहम होते हैं। गहनों में लगे पत्थरों या दूसरी धातुओं का वजन सोने के वजन में शामिल नहीं होता। इसलिए बैंक की वैल्यूएशन और उसके आधार पर तय लोन राशि को समझें।
ब्याज के साथ दूसरे शुल्क भी जांचें
केवल कम ब्याज दर देखकर लेंडर न चुनें। प्रोसेसिंग फीस, अन्य शुल्क, लोन की अवधि और भुगतान के विकल्प भी जांचें। यह जानकारी लें कि ब्याज कब और किस तरह चुकाना होगा। सभी खर्चों और शर्तों की तुलना करने के बाद ही बैंक या वित्तीय संस्थान का चुनाव करें।
रीपेमेंट की योजना बनाएं
लोन लेने से पहले तय करें कि रकम कैसे और कब लौटाएंगे। अपनी आमदनी और जरूरी खर्चों को ध्यान में रखकर भुगतान का ऐसा विकल्प चुनें जिसे निभाना आसान हो। भुगतान की तारीखें नोट करें। देरी होने पर अतिरिक्त शुल्क लग सकता है और गहने भी जोखिम में पड़ सकते हैं।
पात्रता और डॉक्यूमेंट्स पहले जांचें
हर बैंक की पात्रता और डॉक्यूमेंट्स संबंधी शर्तें अलग हो सकती हैं। आवेदन से पहले पहचान और पते के प्रमाण समेत जरूरी कागजात की जानकारी लें। यह भी पूछें कि किस तरह के गहने स्वीकार होंगे और सोने की शुद्धता से जुड़ी क्या शर्तें हैं। पहले से तैयारी करने पर आवेदन में देरी नहीं होगी।
गहनों की सुरक्षा पर ध्यान दें
लोन देने वाले बैंक या वित्तीय संस्थान की विश्वसनीयता जांचें। पूछें कि गिरवी रखे गहने कहां और किस तरह सुरक्षित रखे जाएंगे। सुरक्षित लॉकर और ग्राहक सेवा के बारे में जानकारी लें। गहने जमा करते समय उनका वजन और डिटेल्स लिखित में लें तथा रसीद संभालकर रखें।
एग्रीमेंट पढ़कर ही साइन करें
जल्दी रकम पाने के चक्कर में लोन के डॉक्यूमेंट्स बिना पढ़े साइन न करें। ब्याज दर, अवधि, भुगतान का तरीका, देरी पर लगने वाले शुल्क और दूसरी शर्तें ध्यान से समझें। कोई बात स्पष्ट न हो तो सवाल पूछें। गहने छुड़ाने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी लें।
