इटली के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जियो मेलोनी को पारले कंपनी की मेलोडी टॉफी गिफ्ट की। पीएम मोदी के इस छोटे से गिफ्ट देने के बाद पीएम मेलोनी ने सोशल मीडिया में एक छोटा सा वीडियो पोस्ट किया और साथ ही इस गिफ्ट के लिए धन्यवाद किया। प्रधानमंत्री के इस गिफ्ट के बाद देखते ही देखते सोशल मीडिया में मेलोडी जमकर सुर्खियों में छा गई। मेलोडी को बनाने वाली कंपनी पारले है और अब कंपनी ने भी अपना रिएक्शन दिया है।
पीएम मोदी ने पीएम जॉर्जियो मेलोनी को गिफ्ट की मेलोडी टॉफी।
पारले कंपनी ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर पोस्ट किया है। पोस्ट के साथ ही कंपनी की तरफ से पीएम जॉर्जिया मेलोनी को पीएम मोदी द्वारा मेलोडी टॉफी गिफ्ट करते हुए वायरल वीडियो भी शेयर किया है।
Parle ने दिया रिएक्शन
कंपनी ने अपने पोस्ट में लिखा,' धन्यवाद, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, Parle Melody को ग्लोबल मंच पर ले जाने के लिए। Parle Products में हम सभी के लिए यह एक गर्व का क्षण है कि हम अपने एक पसंदीदा भारतीय प्रोडक्ट को सीमाओं के पार भी साझा होते हुए देख रहे हैं।'
आपको बता दें कि पारले कंपनी की तरफ से पॉपुलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी रिएक्शन दिया गया है। इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी और इटली की पीएम मेलोनी का वीडियो शेयर करते हुए कंपनी ने लिखा, “Sweetening relationships since 1983”, यानी 'हम 1983 से रिश्तों में मिठास घोल रहे हैं।'
कंपनी के वाइस प्रसिडेंट मयंक शाह ने भी इस वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात पर गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इटली दौरे पर पारले की मशहूर मेलोडी टॉफी ले गए और पीएम मेलोनी को गिफ्ट की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेंशा ही भारतीय चीजों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की कोशिश करते रहे हैं और हम सब की यह जिम्मेदारी बनती है कि इस सम्मान को आगे बढ़ाना चाहिए।
पीएम मेलोनी ने शेयर किया वीडियो
आपको बता दें कि इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ मुलाकात और उनकी तरफ से दिए गए गिफ्ट का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X'पर शेयर किया था। पीएम मेलोनी वीडियो में हंसते हुए दिखाई दे रही हैं और कह रही हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे लिए गिफ्ट लाए हैं...बहुत, बहुत अच्छी टॉफी। इसके बाद दोनों ही पीएम वीडियो में मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
