79th Independence Day 2025 PM Narendra Modi On Semiconductor : 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि देश तेजी से सेमीकंडक्टर पर काम कर रहा है। इस साल के अंत तक पहला मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप आ जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सेमीकंडक्टर क्षेत्र में ‘मिशन मोड’ में काम कर रहे हैं, भारत में निर्मित चिप इस साल के अंत तक बाजार में उपलब्ध होंगी।
सेमीकंडक्टर चिप पर बोले पीएम मोदी
सेमीकंडक्टर क्रांति की ओर भारत का कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में तकनीकी प्रगति की बात करते हुए सेमीकंडक्टर निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 50-60 साल पहले भारत में सेमीकंडक्टर बनाने की सोच बनी थी, लेकिन वह योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सीमित रह गईं और आगे नहीं बढ़ सकीं। उन्होंने इसे "सेमीकंडक्टर विचार की भ्रूण हत्या" बताया और कहा कि इसी दौरान कई देशों ने सेमीकंडक्टर तकनीक में महारत हासिल कर ली और वैश्विक ताकत बन गए। लेकिन अब भारत ने मिशन मोड में काम शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि छह सेमीकंडक्टर यूनिट्स की नींव रखी जा चुकी है और इस साल के अंत तक भारत में बनी हुई, भारत के लोगों द्वारा निर्मित 'मेड इन इंडिया' चिप्स बाजार में उपलब्ध होंगी।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत पहल
पीएम मोदी ने इस बात पर चिंता जताई कि भारत को अभी भी अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए अन्य देशों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे पेट्रोल, डीजल और गैस आयात पर हर साल लाखों-करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होता, तो यह धन देश के युवाओं के विकास और गरीबी उन्मूलन में लगाया जा सकता था।
हरित ऊर्जा में ऐतिहासिक प्रगति
प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में सौर ऊर्जा उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। इसके साथ ही नए बांधों के माध्यम से हाइड्रो पावर का भी विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मिशन ग्रीन हाइड्रोजन के अंतर्गत हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जो भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगा।
परमाणु ऊर्जा का विस्तार और निजी क्षेत्र को अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 10 नए परमाणु रिएक्टर कार्यरत हैं और वर्ष 2047 तक परमाणु ऊर्जा की क्षमता को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए निजी क्षेत्र के लिए भी परमाणु ऊर्जा क्षेत्र के द्वार खोल दिए गए हैं, जिससे इस क्षेत्र में तेजी से विकास की उम्मीद है।
इसके अलावे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का निर्णय लिया है; सौर, हाइड्रोजन, परमाणु क्षेत्रों में कई पहल की जा रही हैं। भारत ने 2030 के मूल लक्ष्य से पांच साल पहले ही स्वच्छ ऊर्जा में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है। हम परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में और सुधार ला रहे हैं, इसे निजी भागीदारी के लिए खोल दिया गया है। शुभांशु शुक्ला सफल अंतरिक्ष मिशन से वापस आ गए हैं और वह जल्द ही भारत लौटेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों में आत्मनिर्भरता हासिल करना बहुत महत्वपूर्ण है, हम इस क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। हम विकसित राष्ट्र के तौर पर उभरने के संकल्प के तहत ‘समुद्रमंथन’ की ओर बढ़ रहे हैं । स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मेड इन इंडिया’ लड़ाकू विमानों के लिए स्वदेशी जेट इंजन विकसित करने का आह्वान किया।
