NSDL Share Price: नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) का शेयर 6 अगस्त को बाजार में लिस्ट होने के बाद से ही लगातार चढ़ रहा है। आज यानी 11 अगस्त को भी इंट्राडे ट्रेडिंग में यह करीब 8% उछल गया और इस तरह लगातार चौथे दिन इसकी बढ़त बनी रही। आईपीओ में निवेश करने वालों को अब तक 75% से ज्यादा का रिटर्न मिल चुका है।
NSDL Share Price (Pic Credit: iStock)
IPO से अब तक का सफर
एनएसडीएल ने अपना IPO 800 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लॉन्च किया था। लिस्टिंग के दिन इसका भाव 880 रुपये पर खुला, जो आईपीओ प्राइस से करीब 10% ज्यादा था। आज यह शेयर 1,400 रुपये के पार पहुंच गया है। सुबह करीब 10 बजे BSE पर यह 1,403.6 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 103.3 रुपये या 7.94% ज्यादा है।
SBI की हो गई मौज
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के लिए NSDL में हिस्सेदारी की खरीद बेहद फायदे का सौदा रही। बैंक की एनएसडीएल में 3% हिस्सेदारी है, यानी 60 लाख शेयर। इन्हें SBI ने सिर्फ 2 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से खरीदा था। मतलब, 1.20 करोड़ रुपये का निवेश अब बढ़कर 7,801.80 करोड़ रुपये का हो चुका है।
शेयर में तेजी की 4 बड़ी वजहें
1. आईपीओ की जोरदार मांग – एनएसडीएल का IPO 41 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ था। कई निवेशकों को शेयर नहीं मिले, जो अब सेकेंडरी मार्केट में खरीदारी कर रहे हैं।
2. सीमित प्रतिस्पर्धा – भारत में डिपॉजिटरी बिजनेस में सिर्फ 2 कंपनियां हैं और एनएसडीएल इसमें लीडर है।
3. सीडीएसएल का उदाहरण – इसके प्रतिद्वंद्वी CDSL के शानदार रिटर्न ने एनएसडीएल को लेकर भी निवेशकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
4. मजबूत वित्तीय प्रदर्शन – वित्त वर्ष 2025 में एनएसडीएल का रेवेन्यू 12.41% बढ़कर 1,420.1 करोड़ रुपये और प्रॉफिट 24.57% बढ़कर 343.1 करोड़ रुपये हो गया है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
