Direct Tax Collection: चालू वित्त वर्ष में 17 जून तक 11.18 प्रतिशत वृद्धि के साथ देश का डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन (Direct Tax Collection) 3.80 लाख करोड़ रुपये हो गया। एडवांस टैक्स (Advance Tax) के कारण यह वृद्धि हुई है। इस बात की जानकारी वित्त मंत्रालय ने दी है।
डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन
कितना रहा एडवांस टैक्स
चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में अग्रिम कर संग्रह या एडवांस टैक्स कलेक्शन 17 जून तक 1,16,776 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि से 13.70 प्रतिशत अधिक है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह (Net Direct Tax Collection) 17 जून तक 3,79,760 करोड़ रहा, जिसमें कॉरपोरेट टैक्स (सीआईटी) 1,56,949 करोड़ रुपये का रहा है।
पर्सनल इनकम टैक्स और सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स
प्रतिभूति लेनदेन कर (Securities Transaction Tax) सहित व्यक्तिगत आयकर (Personal Income Tax) के रूप में 2,22,196 करोड़ रुपये जमा हुए। ग्रॉस आधार पर, रिफंड को एडजस्ट करने से पहले कलेक्शन 4.19 लाख करोड़ रुपये रहा। यह राशि सालाना आधार पर 12.73 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
इसमें कॉरपोरेट टैक्स के 1.87 लाख करोड़ रुपये और प्रतिभूति लेनदेन कर सहित व्यक्तिगत आयकर के 2.31 लाख करोड़ रुपये शामिल रहे।
कितनी रही रिफंड राशि
रिफंड राशि 17 जून तक 39,578 करोड़ रुपये रही। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले रिफंड राशि में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 2023-24 के बजट में डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 18.23 लाख करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक होने का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वित्त वर्ष में 16.61 लाख करोड़ रुपये से 9.75 प्रतिशत अधिक है।
इससे पहले जीएसटी (GST) कलेक्शन मई 2023 के महीने में वार्षिक आधार पर 12% बढ़कर 1.57 लाख करोड़ रुपये रहा। अप्रैल 2023 में जीएसटी कलेक्शन 1.87 लाख करोड़ रुपये रहा था।
