बिजनेस

कम रिस्क, फायदा ज्यादा! 5 सेफ इन्वेस्टमेंट ऑप्शन जो देंगे भरोसेमंद मुनाफा

अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा सुरक्षित रहे और उस पर तय रिटर्न भी मिले, तो ऐसे निवेश विकल्प चुनना जरूरी है जिनमें रिस्क कम हो। फिक्स्ड डिपॉजिट, लाइफ इंश्योरेंस, पब्लिक प्रोविडेंट फंड, सोना और रिकरिंग डिपॉजिट जैसे विकल्प न केवल सुरक्षित माने जाते हैं बल्कि टैक्स छूट और गारंटीड रिटर्न भी देते हैं। ये स्कीमें लंबे समय के लिए आपकी बचत को मजबूत बनाने में मददगार साबित हो सकती हैं।

Image

Investment

अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा सुरक्षित रहे और उस पर अच्छा रिटर्न भी मिले, तो जरूरी है कि आप सही निवेश विकल्प चुनें। अक्सर लोग ज्यादा रिटर्न के चक्कर में हाई-रिस्क वाली स्कीम में पैसा लगा देते हैं और बाद में नुकसान झेलते हैं। लेकिन अच्छी बात ये है कि बाजार में ऐसे कई विकल्प भी मौजूद हैं, जिनमें जोखिम कम है और रिटर्न पक्का मिलता है। साथ ही इनमें टैक्स छूट और सरकारी गारंटी जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। आइए जानते हैं ऐसे भरोसेमंद निवेश विकल्पों के बारे में...

सेफ इन्वेस्टमेंट ऑप्शन

सबसे पहला और लोकप्रिय विकल्प है फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)। इसमें आपका पैसा तय समय के लिए सुरक्षित रहता है और उस पर निश्चित ब्याज मिलता है। कई बैंकों की टैक्स सेविंग FD स्कीम पर आपको धारा 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है। इसमें गारंटीड रिटर्न, आंशिक निकासी और लोन की सुविधा जैसी कई फायदे होते हैं।

दूसरा विकल्प है जीवन बीमा (Life Insurance)। यह केवल निवेश ही नहीं बल्कि आपकी और परिवार की सुरक्षा का भी भरोसा देता है। पॉलिसी अवधि पूरी होने पर मैच्योरिटी अमाउंट मिलता है और किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को लाइफ कवर भी मिलता है। साथ ही, इस पर टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है।

तीसरा विकल्प है पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF)। यह सरकार द्वारा चलाया जाने वाला स्कीम है, जिसमें आप ₹500 से लेकर ₹1.5 लाख सालाना तक निवेश कर सकते हैं। मौजूदा समय में इस पर 7.1% ब्याज मिल रहा है। खास बात ये है कि इसमें मिलने वाला ब्याज और मेच्योरिटी अमाउंट पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है।

चौथा सुरक्षित विकल्प है सोना (Gold)। चाहे वह गोल्ड ज्वेलरी हो, गोल्ड ETF हो या सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड—सोना हमेशा से महंगाई और जोखिम से बचाव का सबसे मजबूत जरिया माना जाता है। इसकी वैल्यू समय के साथ बढ़ती रहती है, इसलिए यह संपत्ति सुरक्षित रखने का एक भरोसेमंद तरीका है।

पांचवां विकल्प है रिकरिंग डिपॉजिट (RD)। इसमें आप हर महीने एक तय रकम जमा करते हैं और उस पर FD जैसा ब्याज मिलता है। यह स्कीम उन लोगों के लिए सही है जो धीरे-धीरे सेविंग करना चाहते हैं और किसी लक्ष्य, जैसे बच्चों की पढ़ाई या शादी के लिए फंड तैयार करना चाहते हैं।

इन सभी विकल्पों की सबसे खास बात यह है कि इनमें रिस्क कम होता है और रिटर्न तय रहता है। यानी यहां आपका पैसा न सिर्फ सुरक्षित रहेगा, बल्कि धीरे-धीरे बढ़ेगा भी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article