युद्ध के साये में भी सुरक्षित भारत! वर्ल्ड बैंक बोला- चुनौतियों को मात देने के लिए देश के पास पक्के इंतजाम

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और भू-राजनीतिक अस्थिरता के बीच विश्व बैंक का मानना है कि भारत के पास इस वैश्विक संकट से पैदा होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं।

भारत मौजूदा वैश्विक ऊर्जा संकट का सामना करने के लिए अच्छी स्थिति में है, क्योंकि उसके पास पर्याप्त सुरक्षा उपाय हैं जिनमें उच्च विदेशी मुद्रा भंडार, राजकोषीय गुंजाइश और कम मुद्रास्फीति शामिल हैं। ये सभी चीजें वैश्विक चुनौतियों के बावजूद वृद्धि को समर्थन देंगी। मौजूदा वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ाकर 6.6 प्रतिशत करने के एक दिन बाद दक्षिण एशिया के लिए विश्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक (समृद्धि) सेबेस्टियन एकार्ट ने कहा कि भारत ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में व्यापारिक उथल-पुथल का अच्छी तरह सामना किया और कच्चे तेल बाजारों में अस्थिरता उत्पन्न करने वाले मौजूदा पश्चिम एशिया संकट में भारतीय अर्थव्यवस्था ’’मजबूत स्थिति’’ से डटी है।

world bank

पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए भारत के पास पर्याप्त संसाधन (Photo: iStock)

भारत के पास मजबूत नीतिगत उपाय

पीटीआई (भाषा) की एक रिपोर्ट के अनुसार, सेबेस्टियन एकार्ट ने कहा, "भारत के पास मजबूत नीतिगत उपाय, उच्च विदेशी मुद्रा भंडार, राजकोषीय क्षमता है जिससे जरूरत पड़ने पर सहायता प्रदान की जा सकती है। साथ ही यहां मुद्रास्फीति का स्तर कम है और मौजूदा संकट से निपटने के लिए मजबूत लक्ष्य हैं। इस मजबूत वृद्धि गति को यूरोपीय संघ के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और नई श्रम नीति जैसी सकारात्मक नीतियों का समर्थन प्राप्त है। ये सभी चीजें निश्चित रूप से मजबूत वृद्धि गति को सुदृढ़ करती हैं एवं समर्थन देती हैं। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद हम भारत और इस क्षेत्र को दुनिया के अन्य उभरते बाजारों की तुलना में एक बहुत मजबूत एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र बने रहने की उम्मीद करते हैं।"

End of Feed