अगर आपके घर के हर महीने के बजट का बड़ा हिस्सा ग्रॉसरी खरीदने में खर्च होता है तो Federal Bank और Paisabazaar का नया क्रेडिट कार्ड (Credit Card) आपके लिए काम का हो सकता है। 10 सितंबर को लॉन्च हुए Federal Bank Paisabazaar Paisaback Credit Card पर ऑनलाइन और ऑफलाइन ग्रॉसरी खरीदारी पर 7.5% कैशबैक दिया जा रहा है। यह कार्ड RuPay नेटवर्क पर उपलब्ध है और कई बड़े सुपरमार्केट व क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
ग्रॉसरी खरीदारी पर होगी अब तगड़ी बचत (Photo: iStock)
ग्रॉसरी पर 7.5% कैशबैक
इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत ग्रॉसरी खरीदारी पर मिलने वाला 7.5% कैशबैक है। यह लाभ DMart, Reliance Fresh, Star Bazaar, Nature's Basket, Blinkit, Zepto, Swiggy Instamart और BigBasket जैसे मर्चेंट्स पर ट्रांजैक्शन के लिए उपलब्ध है। हालांकि, कैशबैक की अधिकतम सीमा 1,000 प्रति महीने है। यानी करीब 13,333 रुपये की ग्रॉसरी खरीदारी पर 7.5% के हिसाब से 1,000 रुपये कैशबैक मिल सकता है।
दूसरे खर्च पर भी कैशबैक
कार्ड सिर्फ ग्रॉसरी खरीदारी तक सीमित नहीं है। कार्ड के साथ एलिजिबल POS और ई-कॉमर्स ट्रांजैक्शन पर 1% कैशबैक प्राप्त कर सकते हैं। वहीं 2,000 रुपये से अधिक के एलिजिबल UPI ट्रांजैक्शन पर 0.5% कैशबैक दिया जाता है। हालांकि, UPI कैशबैक में ग्रॉसरी, फ्यूल और ट्रैवल कैटेगरी शामिल नहीं हैं। इसके अलावा, कार्ड से फ्यूल ट्रांजैक्शन पर प्रति बिलिंग साइकिल 100 रुपये तक फ्यूल सरचार्ज वेवर भी मिलता है।
Cash Points के रूप में मिलेगा कैशबैक
इस कार्ड से मिलने वाला कैशबैक सीधे Cash Points के रूप में क्रेडिट किया जाएगा। इन Cash Points को कार्डधारक रिडीम कर सकते हैं, लेकिन इनकी वैलिडिटी 1 साल की है। इसलिए जमा हुए रिवॉर्ड को समय पर इस्तेमाल करना जरूरी होगा। लंबे समय तक पॉइंट्स जमा कर रखने वाले ग्राहकों को इस नियम का खास ध्यान रखना होगा।
500 सालाना फीस, खर्च पूरा करने पर माफ
Paisaback Credit Card पर 500 रुपये जॉइनिंग फीस और 500 रुपये सालाना फीस है। हालांकि, अगर कार्डधारक एक साल में 1.5 लाख रुपये या उससे ज्यादा खर्च करता है तो सालाना फीस माफ हो जाएगी। नियमित रूप से कार्ड पर पर्याप्त खर्च करने वाले ग्राहकों के लिए यह शर्त फायदेमंद हो सकती है।
किन लोगों को होगा फायदा
अगर कोई परिवार हर महीने सुपरमार्केट या क्विक-कॉमर्स ऐप्स से नियमित खरीदारी करता है तो 7.5% कैशबैक अच्छी बचत में बदली जा सकती है। खासकर 8,000 से 13,000 तक की एलिजिबल मंथली ग्रॉसरी खरीदारी करने वालों को इस कार्ड की कैशबैक लिमिट का अच्छा फायदा मिल सकता है।
