AC, TV Sale: जीएसटी की नई दरें लागू होने के पहले दिन, सोमवार को एयर कंडीशनर (एसी) और टेलीविजन सेट की बिक्री में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। खुदरा विक्रेताओं ने ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक छूट की पेशकश की, जिससे बाजार में उत्साह का माहौल बना। नतीजतन, उपभोक्ताओं की खरीदारी में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
खुदरा विक्रेताओं की छूट और नवरात्रि की शुरुआत से खरीदारी में तेजी (तस्वीर-istock)
रोजमर्रा की वस्तुओं की बिक्री में भी वृद्धि
पास-पड़ोस के किराना स्टोर में भी खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री में मामूली बढ़ोतरी देखी गई। खरीदारों ने आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई, जिससे छोटे व्यापारियों को भी लाभ हुआ।
जीएसटी दरों में बड़े बदलाव से उपभोक्ताओं को राहत
देशभर में खपत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीएसटी परिषद ने चार स्लैब वाली कर संरचना को हटाकर केवल दो दरें 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत—वाली नई जीएसटी सिस्टम को मंजूरी दी। इसके लागू होने से कई उत्पादों की कीमतों में गिरावट आई है, जिनमें खाद्य सामग्री, सौंदर्य प्रसाधन, टीवी और एसी जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं।
नवरात्रि का त्योहार बना खरीदारी का अवसर
नई जीएसटी दरों के लागू होने के दिन से ही नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव की शुरुआत हुई, जिसने ग्राहकों को खरीदारी के लिए और प्रेरित किया। त्योहारों के सीजन में आमतौर पर बिक्री बढ़ती है, और इस बार कर दरों में कमी ने इसे और तेज कर दिया।
एसी की बिक्री में दोगुनी बढ़ोतरी
घरेलू उपकरण विक्रेताओं ने बताया कि सोमवार को एसी की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई। पहले इन पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था, जिसे अब घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। हायर इंडिया के चेयरमैन एन एस सतीश ने पीटीआई को बताया कि शुरुआती रुझान उत्साहजनक हैं। शाम पांच बजे तक हमारे डीलरों ने आमतौर पर किसी भी सोमवार की तुलना में दोगुनी बिक्री की। सतीश ने आगे कहा कि सोमवार को कार्यदिवस होने के कारण लोग शाम को खरीदारी के लिए बाहर निकलते हैं, जिससे और अधिक बिक्री की उम्मीद है।
टीवी की बिक्री में 30-35% की बढ़त
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक ब्लू स्टार के एमडी बी त्यागराजन ने भी माहौल को उत्साहजनक बताया। वहीं, थॉमसन, कोडक और ब्लाउपंक्ट जैसे ब्रांड्स के टीवी बनाने वाली कंपनी सुपर प्लास्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (SPPL) के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने कहा कि, “पहले दिन टीवी की बिक्री में 30 से 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि कंपनी फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स मंचों के जरिए अपने उत्पाद बेच रही है।
