EPF के करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर! सरकार ने 8.25% ब्याज दर को दी मंजूरी, जानिए कब आएगा खाते में पैसा?

अगर आपका PF कटता है तो आपके लिए गुड न्यूज है। आपके पीएफ अकाउंट में ब्याज की रकम इसी महीने जमा हो सकती है।

EPF से जुड़े 7 करोड़ से अधिक कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। सरकार ने कर्मचारियों के भविष्य निधि (ईपीएफ) जमा पर वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। ब्याज की रकम इस महीने ही अंशधारक सदस्यों के खातों में जमा किए जाने की संभावना है। एक सूत्र ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) द्वारा तय की गई ब्याज दर को वित्त मंत्रालय के माध्यम से सरकार की मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जाता है। सूत्र ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) द्वारा निर्धारित 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को अपनी स्वीकृति दे दी है।

EPFO

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन

लगातार तीसरे साल ब्याज दर में बदलाव नहीं

इससे पहले दो मार्च, 2026 को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में हुई सीबीटी की बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर तय की गई थी। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब यह दर बरकरार रखी गई है। इसके बाद यह प्रस्ताव वित्त मंत्रालय को भेजा गया था, क्योंकि ईपीएफ का ’गारंटर’ भारत सरकार होती है। सूत्र ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने जांच के बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और श्रम मंत्रालय के निर्देश पर ईपीएफओ इस महीने ही 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज राशि अंशधारकों के खातों में जमा कर सकता है। उन्होंने साथ ही बताया कि ईपीएफओ द्वारा विकसित नए तंत्र के तहत अब ब्याज सीधे और शीघ्रता से अंशधारकों के खातों में जमा किया जाएगा।

End of Feed