Step Up SIP Calculator: प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लाखों कर्मचारियों को दिवाली बोनस के साथ इनक्रीमेंट मिला है। अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं तो यह खबर आपके लिए है। आप अपनी बढ़ी सैलरी का स्मार्ट इस्तेमाल कर जल्द अमीर बन सकते हैं। इस काम में आपको Step-Up-SIP सबसे बेस्ट मदद कर सकता है। आमतौर पर अधिकांश निवेशक सिप करते हैं, लेकिन इनकम बढ़ने के साथ स्टेप-अप SIP करना ज्यादा बेहतर है। इससे आप कम समय में बड़ा पैसा जमा कर लेते हैं। अब आपके मन में यह सवाल हो सकता है कि स्टेप-अप SIP क्या है तो स्टेप-अप SIP, नियमित SIP का ही एक रूप है, जिसमें आप नियमित अंतराल पर, आमतौर पर सालाना, अपनी निवेश राशि बढ़ाते हैं। यह वेतन वृद्धि के साथ अच्छी तरह मेल खाता है, जिससे आप बिना किसी परेशानी के धीरे-धीरे ज्यादा निवेश कर पाते हैं और जल्द अमीर बन जाते हैं।
आइए उदाहरण से समझते हैं:
उदाहरण के लिए, अगर आप 10,000 रुपये प्रति माह से SIP की शुरुआत करते हैं और हर साल इसे 10% बढ़ाते हैं, तो आप दूसरे वर्ष में 11000 रुपये, तीसरे वर्ष में 120,100 रुपये निवेश करेंगे। समय के साथ, यह निवेश हर साल बढ़ता चला जाएगा और आप सिप के मुकाबले कम समय में अधिक निवेश आसानी से कर पाएंगे। इस तरह आप कम समय में ज्यादा बड़ा फंड बना लेंगे।
स्टेप-अप SIP के फायदे
आम SIP के मुकाबले स्टेप-अप SIP कम समय में बड़ा फंड बनाने में मदद करता है। यह रिटारयमेंट, बच्चों की शिक्षा या घर खरीदने जैसे दीर्घकालिक लक्ष्यों के लिए विशेष रूप से कारगर है। मान लीजिए कि आप 10,000 रुपये प्रति माह के SIP से शुरुआत करते हैं और 15 वर्षों तक सालाना निवेश करते हैं। आपको निवेश पर सालाना 12% रिटर्न मिलता है। इस हालात में आप 15 साल में 18,00,000 रुपये निवेश करेंगे, जिसपर अनुमानित ₹29,59,314 रिटर्न मिलेंगे। 15 साल बाद आपको कुल ₹47,59,314 मिल सकते हैं।
वहीं अगर आप 10000 रुपये से स्टेप-अप SIP शुरू कर इसे सालाना 10% बढ़ाते हैं, जिस पर अनुमानित रिटर्न 12% प्रति वर्ष है तो आपको 15 साल बाद कुल ₹82,74,718 मिलेंगे। आप समझ सकते हैं कि आपको कितना फायदा हुआ।
स्टेप-अप SIP कैलकुलेटर से लें सकते हैं मदद
स्टेप-अप SIP कैलकुलेटर से आप कैलकुलेशन करने में मदद ले सकते हैं। Step Up SIP Calculator में आपको अपनी प्रारंभिक SIP राशि, स्टेप-अप प्रतिशत, निवेश अवधि और वार्षिक रिटर्न दर जैसी कुछ जानकारी दर्ज करनी होगी। कैलकुलेटर आपके इनपुट के आधार पर आपके संभावित निवेश मूल्य का अनुमान लगाएगा।
स्टेप-अप SIP कैलकुलेटर का उपयोग करके, आप आसानी से अपने निवेश की गणना कर पाएंगे। आप विभिन्न परिदृश्यों की तुलना कर सकते हैं, जैसे कि 5% बनाम 10% की वृद्धि, और अपने लक्ष्यों और आय वृद्धि के अनुकूल विकल्प चुन सकते हैं।
वेतन वृद्धि के बाद क्यों स्टेप-अप SIP जरूरी?
- वेतन वृद्धि से आय में वृद्धि होती है, लेकिन अगर आप इसे समझदारी से निवेश नहीं करेंगे तो यह जल्दी ही रोजमर्रा के खर्चों में खर्च हो जाएगा। इसलिए, पैसे बचाने और फिजूलखर्ची से बचने के लिए स्टेप-अप SIP जरूरी है।
- हर साल अपनी SIP निवेश राशि में थोड़ा-सा बढ़ोतरी कर आप कंपाउंडिंग के जरिये अपने कॉर्पस कई गुना बढ़ सकते हैं।
- SIP में स्टेप-अप ऑटोमेशन करने से आप “खर्च से पहले बचत” की आदत डालते हैं, जो लंबी अवधि की वित्तीय सफलता का सबसे कारगर तरीका है।
निवेश के फायदे
Step Up SIP कैसे सेट करें
आज के समय में अधिकांश म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म और निवेश ऐप्स अपने निवेशकों को स्टेप-अप एसआईपी सेट करने का विकल्प देते हैं। आप स्टेप-अप राशि या हर साल प्रतिशत में वृद्धि के विकल्प को चुन सकते हैं। ऐसा करने से आपको हर साल एसआईपी को मैन्युअल रूप से बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ती है।
इन बातों का जरूर रखें ख्याल
अपने बजट की समीक्षा करें: Step Up SIP करने से पहले यह देख लें कि आप अपने जरूरी खर्चों को रोके बिना ज्यादा राशि SIP के जरिये निवेश कर सकते हैं।
म्यूचुअल फंड के जोखिम को समझें: हमेशा याद रखें कि म्यूचुअल फंड का रिटर्न शेयर बाजार की चाल से जुड़ा होता है और इसकी कोई गारंटी नहीं होती। इसलिए स्टेप-अप SIP कैलकुलेटर का उपयोग करें, लेकिन यह नहीं मान लें कि आपको इतना फिक्स रकम मिलेगा ही।
बहुत ज्यादा नहीं करें: एक ऐसा स्टेप-अप प्रतिशत चुनें जो आपकी औसत वार्षिक वृद्धि के अनुरूप हो। अधिकांश लोगों सालाना, 5% से 10% की वृद्धि करते हैं।
