आज के समय में घर खरीदने, पढ़ाई, शादी, मेडिकल इमरजेंसी या किसी अन्य जरूरत के लिए लोग अक्सर लोन (Loan) का सहारा लेते हैं। हालांकि, लोन आपकी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का आसान माध्यम हो सकता है, लेकिन बिना सही योजना के लिया गया लोन भविष्य में वित्तीय परेशानी का कारण भी बन सकता है। इसलिए किसी भी तरह के लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स भी सलाह देते हैं कि लोन लेने से पहले अपनी जरूरत, भुगतान क्षमता और शर्तों का अच्छी तरह वैल्यूएशन करें। आइए लोन के 5 गोल्डन रूल्स समझ लेते हैं-
Loan लेने से पहले गांठ बांध लें ये जरूरी बातें (AI Generated Image)
जरूरत के अनुसार ही लें लोन
लोन लेने से पहले यह तय कर लें कि आपको वास्तव में कितनी राशि की जरूरत है। कई लोग जरूरत से ज्यादा लोन ले लेते हैं, जिससे उनकी मासिक EMI बढ़ जाती है और भविष्य में उसे चुकाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए केवल उतनी ही राशि उधार लें, जितनी आपकी आवश्यकता हो और जिसे आप आसानी से चुका सकें।
EMI चुकाने की क्षमता जांचें
लोन लेने से पहले अपनी मासिक आय और खर्च का आकलन करें। यह सुनिश्चित करें कि EMI चुकाने के बाद भी आपके पास रोजमर्रा के खर्च और बचत के लिए पर्याप्त पैसा बचे। अगर EMI आपकी आय का बड़ा हिस्सा बन जाती है, तो भविष्य में आर्थिक दबाव बढ़ सकता है।
ब्याज दर और दूसरे शुल्कों की तुलना करें
हर बैंक और वित्तीय संस्था की ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए किसी एक बैंक का ऑफर देखकर तुरंत फैसला न करें। अलग-अलग बैंकों के ऑफर्स की तुलना करें और कुल लागत (Total Cost of Borrowing) को समझने के बाद ही लोन चुनें। कई बार कम ब्याज दर के बावजूद अतिरिक्त शुल्क लोन को महंगा बना देते हैं।
क्रेडिट स्कोर का रखें ध्यान
अच्छा क्रेडिट स्कोर लोन मंजूर होने की संभावना बढ़ाने के साथ-साथ कम ब्याज दर दिलाने में भी मदद करता है। समय पर EMI और क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान करने से आपका क्रेडिट स्कोर बेहतर बना रहता है। यदि आपका स्कोर कम है, तो पहले उसे सुधारने की कोशिश करें और उसके बाद ही लोन के लिए आवेदन करें।
एक साथ कई जगह आवेदन करने से बचें
कई लोग सोचते हैं कि अलग-अलग बैंकों में आवेदन करने से लोन मिलने की संभावना बढ़ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं है। कम समय में कई लोन आवेदन आपके क्रेडिट प्रोफाइल पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। बेहतर है कि पहले अपनी पात्रता जांचें और फिर सही बैंक या वित्तीय संस्था में ही आवेदन करें।
लोन की शर्तें ध्यान से पढ़ें
लोन लेने से पहले ब्याज दर, EMI, प्रोसेसिंग फीस, प्रीपेमेंट चार्ज, लेट पेमेंट पेनाल्टी और अन्य नियमों को अच्छी तरह समझ लें। बिना पढ़े किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से बाद में अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ सकता है।
