Gold and Silver Rate Today, 09 December 2022: प्रमुख मुद्रास्फीति के आंकड़ों और अगले हफ्ते अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के बीच शुक्रवार को सोने की कीमत में तेजी दर्ज की गई। ज्यादातर निवेशकों को उम्मीद है कि 13 और 14 दिसंबर को होने वाली 2022 की अपनी अंतिम US Fed की बैठक में ब्याज दरों में करीब 50 आधार अंकों की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा बाजार के सहभागियों को नवंबर के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) की रिपोर्ट का भी इंतजार है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना वायदा 0.36 फीसदी या 196 रुपये की बढ़त के साथ 54,247 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसके साथ ही चांदी वायदा 0.78 फीसदी या 522 रुपये बढ़कर 67,556 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
Gold and Silver Rate Today: 4 हफ्तों में जमकर महंगा हुआ गोल्ड और सिल्वर
4 हफ्तों में इतना महंगा हुआ सोना-चांदी
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, गुरुवार को हाजिर बाजार में सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 53,780 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 65,358 रुपये प्रति किलोग्राम थी। पिछले चार हफ्तों में सोने की हाजिर कीमत में करीब 2,300 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल आया है, जबकि समीक्षाधीन अवधि में चांदी की कीमत 4,200 रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा बढ़ी है।
#MarketWithSwadesh | सोने-चांदी में आज भी तेजी👉MCX पर सोना ₹54,200 के ऊपर👉MCX पर चांदी ₹67,500 के करीब👉सोने में… t.co/BWwxzP0wvC
— ANI (@ANI) Dec 9, 2022
ग्लोबल मार्केट में इतनी है कीमत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 0.2 फीसदी बढ़कर 1,793.16 डॉलर प्रति औंस हो गया, लेकिन इस सप्ताह अब तक यह 0.3 फीसदी गिर गया है। अमेरिकी सोना वायदा 0.2 फीसदी बढ़कर 1,804.80 डॉलर हो गया। अन्य धातुओं की बात करें, तो हाजिर चांदी 0.6 फीसदी बढ़कर 23.20 डॉलर हो गई, प्लैटिनम 0.4 फीसदी बढ़कर 1,006.91 डॉलर हो गया और पैलेडियम 0.4 फीसदी गिरकर 1,918.50 डॉलर हो गया।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बढ़ा रुपया
डोमेस्टिक स्टॉक मार्केट में तेजी और अमेरिकी करेंसी में कमजोरी की वजह से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 19 पैसे बढ़कर 82.19 के स्तर पर पहुंच गया। इस संदर्भ में विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी की लगातार निकासी की वजह से रुपया प्रभावित हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर की तुलना में भारतीय रुपया 82.30 के स्तर पर खुला था और फिर बढ़त के साथ 82.19 के स्तर पर आ गया। उल्लेखनीय है कि पिछले कारोबारी सत्र में यानी गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया नौ पैसे मजबूत होकर 82.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
