Gold and Silver Rate Today, 06 October 2022: भारत में धनतेरस (Dhanteras) और दिवाली (Diwali) के त्योहारों पर लोग जमकर सोना खरीदते हैं क्योंकि त्योहारों पर सोने की खरीदारी को शुभ माना जाता है। ऐसे में सोने की मांग चरम पर पहुंच जाती है। इसके तुरंत बाद शादियों का सीजन भी शुरू हो जाता है, जब गोल्ड की डिमांड और भी बढ़ जाती है। इस बीच ग्राहकों को झटका लग सकता है क्योंकि देश में गोल्ड की कीमत आज फिर बढ़ गई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, गुरुवार को रुपये में आई गिरावट के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोना 497 रुपये की तेजी के साथ 52,220 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
Gold and Silver Rate Today: दिवाली-धनतेरस से पहले महंगा हुआ सोना
सस्ती हुई चांदी
पिछले कारोबारी सत्र में गोल्ड की कीमत (Gold Price) 51,723 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चांदी की बात करें, तो आज चांदी (Silver Price) 80 रुपये की गिरावट के साथ 61,605 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले सत्र में चांदी का दाम 61,685 रुपये प्रति किलोग्राम था।
डॉलर के मुकाबले फिसला रुपया
आज अमेरिकी मुद्रा की तुलना में रुपया 28 पैसे गिरकर 81.90 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ है। शेयर बाजार में अस्थिरता के बीच गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपया चार पैसे टूटकर 81.66 पर आ गया था। इस दौरान क्रूड ऑयल की कीमत (Crude Oil Price) में बढ़ोतरी की वजह से रुपये पर दबाव देखा गया। मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे की तेजी के साथ 81.62 पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इतना है दाम
ग्लोबल मार्केट की बात करें, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,722.6 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 20.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। विदेशी पूंजी की आवक और एशियाई बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच आज प्रमुख शेयर सूचकांक सकारात्मक स्तर पर खुले थे।
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि, 'कमजोर रुपये, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में तेजी और त्योहारी मांग और कम सप्लाई की वजह से घरेलू सोने की कीमत में तेजी आई।'
