Gold and Silver Rate Today, 03 October 2022: अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख के अनुरूप आज यानी सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों के दाम बढ़ गए। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने जानकारी दी कि पीली धातु 161 रुपये महंगी होकर 50,682 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। जबकि इससे पिछले कारोबारी सत्र के दौरान सोना (Gold Price) 50,521 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की बात करें, तो आज सोने की तरह चांदी के दाम (Silver Price) में भी तेजी आई। यह 1,010 रुपये के उछाल के साथ 58,039 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
Gold and Silver Rate Today: महंगा हुआ सोना, चांदी में 1,010 रुपये का जबर्दस्त उछाल
ग्लोबल मार्केट में इतना है दाम
ग्लोबल मार्केट में सोना बढ़कर 1,665.1 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी में 19.36 डॉलर प्रति औंस की तेजी आई। इसके अलावा वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा (Brent Crude Oil) 4.12 फीसदी की तेजी के साथ 88.65 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
डॉलर के मुकाबला फिसला रुपया
सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली और क्रूड ऑयल की कीमत में तेजी के बीच अमेरिकी मुद्रा, डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा, रुपया 49 पैसे की गिरावट के साथ बंद हुआ। रुपया 81.89 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। कारोबारियों की मानें, तो मजबूत डॉलर इंडेक्स के साथ- साथ विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार निकासी की वजह से स्थानीय मुद्रा पर असर पड़ा है।
डॉलर इंडेक्स में मजबूती
आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.65 प्रति डॉलर पर खुला था। कारोबार के दौरान इसने 81.98 के निचले स्तर को छुआ। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर इंडेक्स 0.30 फीसदी चढ़कर 112.45 पर पहुंच गया।
