Dunzo To Cut More Jobs: भारत में हाइपरलोकल डिलीवरी स्टार्टअप डंजो (Dunzo) संकट में चल रहा है। इसने अपने कर्मचारियों की एक महीने की सैलरी रोकने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं डंजो की फिर से छंटनी करने की भी योजना है Google और रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) के सपोर्ट वाला ये स्टार्टअप नई फंडिंग की भी तलाश में है और इस बीच अपने खर्चों को कम कर रहा है।
डंजो और नौकरियों में करेगी कटौती
डंजो के अधिकारियों ने कर्मचारियों को बताया कि वे और अधिक नौकरियों में कटौती करेंगे। इस बार 200 से अधिक लोगों को निकाला जा सकता है, जो इस साल में इसकी तीसरी छंटनी होगी। कंपनी ने इस साल करीब 400 लोगों को नौकरी से निकाला है।
सितंबर में मिलेगी सैलरी
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार डंजो कर्मचारियों ने सीनियर लीडरशिप के सामने तब अपनी चिंता जाहिर की जब उन्हें बताया गया कि जून की सैलरी के बकाया का भुगतान और जुलाई का वेतन सितंबर की शुरुआत में ही मिल पाएगा। कंपनी ने जून की सैलरी लिमिट 75,000 रुपये तय की थी और 20 जुलाई को बकाया भुगतान करने का वादा किया था।
हेड ऑफ प्रोडक्ट छोड़ रहे कंपनी
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक कॉस्ट में कटौती के उपाय किए जा रहे हैं और इस बीच डंजो की हेड ऑफ प्रोडक्ट आकांशा कुमारी कंपनी छोड़ रही हैं। कुमारी लगभग चार वर्षों से डंजो के साथ काम कर रही हैं।
रिलायंस से फंडिंग के लिए चल रही बातचीत
डंजो 30-40% तक कॉस्ट कम करने जा रही है। इसमें और अधिक नौकरियों की कटौती शामिल होगी। कंपनी लगभग 26% हिस्सेदारी वाली अपनी सबसे बड़ी निवेशक, रिलायंस रिटेल के साथ लगभग 165 करोड़ रु जुटाने के लिए भी बातचीत कर रही है।
कितनी है स्टार्टअप की वैल्यू
मार्केट इंटेलिजेंस फर्म ट्रैक्सन के अनुसार, आठ साल पुराने स्टार्टअप ने, जिसने कुछ महीने पहले काफी फंडिंग हासिल की थी, कुल मिलाकर लगभग 500 मिलियन डॉलर (4103 करोड़ रु) जुटाए हैं और आखिरी बार इसकी वैल्यू 757 मिलियन डॉलर (6212 करोड़ रु) थी।
