DR Hike : रेलवे पेंशनरों (Railway pensioners) और पारिवारिक पेंशनरों के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे मंत्रालय ने घोषणा की है कि पेंशनर्स को मिलने वाला महंगाई राहत (Dearness Relief) 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी। इसका मतलब है कि अब पेंशनरों को हर महीने पहले से ज्यादा पेंशन मिलेगी। यह आदेश रेलवे मंत्रालय द्वारा 7 मई 2026 को जारी किया गया है। इसके साथ ही पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने भी एक ऑफिस मेमोरेंडम जारी कर इसे लागू करने की मंजूरी दे दी है।
रेलवे पेंशनभोगियों को DR में बढ़ोतरी मिली (तस्वीर-istock)
DR क्या होता है और क्यों बढ़ाया गया
महंगाई राहत यानी DR वह अतिरिक्त राशि होती है जो पेंशनरों को महंगाई के असर को कम करने के लिए दी जाती है। जैसे-जैसे महंगाई बढ़ती है, वैसे-वैसे सरकार समय-समय पर DR में बढ़ोतरी करती है ताकि पेंशनरों की खरीद क्षमता प्रभावित न हो। इस बार सरकार ने 2% की बढ़ोतरी की है, जो 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर तय फॉर्मूले के अनुसार की गई है।
पेंशन में कितना होगा मासिक फायदा
DR बढ़ने के बाद हर पेंशनर की मासिक आय में उनके मूल पेंशन के हिसाब से अलग-अलग बढ़ोतरी होगी। जितनी ज्यादा बेसिक पेंशन होगी, उतना ही ज्यादा फायदा मिलेगा। आसान शब्दों में समझें तो जिनकी बेसिक पेंशन 10,000 रुपये है तो उन्हें अब 200 रुपये ज्यादा मिलेंगे। जिनकी पेंशन 50,000 रुपये है तो उन्हें 1,000 रुपये का फायदा होगा। इसी तरह बाकी पेंशनरों को भी उनके अनुसार बढ़ी हुई राशि मिलेगी।
DR Hike: समझें पूरा हिसाब
अगर किसी रेलवे पेंशनर की बेसिक पेंशन 10,000 रुपये है, तो पहले 58% DR के हिसाब से उन्हें 15,800 रुपये मिलते थे। अब 60% DR लागू होने पर उन्हें 16,000 रुपये मिलेंगे। यानी हर महीने200 रुपये की सीधी बढ़ोतरी होगी। इसी तरह:-
- 20,000 रुपये बेसिक पेंशन पर पहले 31,600 रुपये, अब 32,000 रुपये (400 रुपये बढ़ोतरी)
- 30,000 रुपये बेसिक पेंशन पर पहले 47,400 रुपये, अब 48,000 रुपये (600 रुपये बढ़ोतरी)
- 40,000 रुपये बेसिक पेंशन पर पहले 63,200 रुपये, अब 64,000 रुपये (800 रुपये बढ़ोतरी)
- 50,000 रुपये बेसिक पेंशन पर पहले 79,000 रुपये, अब 80,000 रुपये (1,000 रुपये बढ़ोतरी)
सरकार का फैसला और आर्थिक असर
सरकार के अनुसार, इस बढ़ोतरी का सीधा फायदा देश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा। करीब 50.46 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.27 लाख पेंशनभोगी इस फैसले से लाभान्वित होंगे। इस फैसले का कुल वार्षिक वित्तीय बोझ करीब 6,791.24 करोड़ रुपये बताया गया है। यह खर्च सरकार महंगाई के प्रभाव को कम करने और वरिष्ठ नागरिकों को राहत देने के लिए वहन करेगी।
कब से मिलेगा बढ़ा हुआ लाभ
यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी। इसका मतलब है कि पेंशनरों को एरियर (बकाया राशि) भी मिल सकती है, जो उस तारीख से गणना की जाएगी। रेलवे पेंशनरों के लिए यह फैसला राहत भरा है। बढ़ती महंगाई के बीच 2% डीआर बढ़ोतरी से उनकी मासिक आय में थोड़ी लेकिन जरूरी बढ़ोतरी होगी। इससे बुजुर्ग पेंशनभोगियों को रोजमर्रा के खर्चों में कुछ हद तक मदद मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
