DA Hike For Central Govt Employees: केंद्र सरकार बहुत जल्द अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 4 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। गुरुवार को यूनियन कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसी बैठक में डीए बढ़ाने पर फैसला लिया जा सकता है। इस समय केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए डीए और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) 46 प्रतिशत तय है। यदि इसमें और 4 फीसदी की बढ़ोतरी की जाती है, तो डीए-डीआर 50 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा। 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार डीए 50 फीसदी हो जाने पर केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलने वाले मकान किराया भत्ता, बच्चों के लिए शिक्षा भत्ता, ट्रांसपोर्टेशन अलाउंस आदि में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे उनका वेतन और बढ़ जाएगा।
डीए में हो सकती है बढ़ोतरी
ये भी पढ़ें -
1 जनवरी 2024 से माना जाएगा लागू
अगर डीए-डीआर में बढ़ोतरी होती है तो ये 1 जनवरी 2024 से लागू होगा, जिसके नतीजे में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को पिछले महीनों का बकाया (Arrear) भी मिलेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की कैलकुलेशन इंडस्ट्रियल वर्कर्स के लिए लेटेस्ट कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (सीपीआई-आईडब्ल्यू) के आधार पर की जाती है।
श्रम मंत्रालय की एक यूनिट है लेबर ब्यूरो, जो हर महीने सीपीआई-आईडब्ल्यू डेटा पब्लिश करती है।
हर साल दो बार बढ़ता है डीए-डीआर
केंद्र सरकार आम तौर पर साल में दो बार महंगाई भत्ते में बदलाव करती है। सरकार की तरफ से जनवरी और जुलाई में डीए-डीआर बढ़ाया जाता है। केंद्र सरकार ने अंतिम बार डीए बढ़ोतरी की घोषणा 18 अक्टूबर, 2023 को की थी, जिसे 1 जुलाई, 2023 से लागू किया गया था।
गौरतलब है कि उससे पहले, जनवरी 2023 से शुरू होने वाली डीए बढ़ोतरी की घोषणा 24 मार्च, 2023 को की गई थी।
