DDA Jan Sadharan Awaas Yojana के तहत दिल्ली सरकार महज 10.52 लाख रुपये में घर का सपना सच करने जा रही है। दिल्ली में सस्ते घर का सपना देख रहे लोगों के लिए Delhi Development Authority (DDA) ने जन साधारण आवास योजना फेज-III के तहत रजिस्ट्रेशन खोल दिए हैं। इस स्कीम में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए EWS और JANTA कैटेगरी के कुल 684 फ्लैट्स पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। EWS फ्लैट्स की शुरुआती कीमत ₹10.52 लाख रखी गई है, जबकि JANTA फ्लैट्स ₹13.99 लाख से मिलेंगे।
15 जनवरी से शुरू होगी बुकिंग (इमेज क्रेडिट, ओपन एआई)
कहां-कहां मिलेंगे फ्लैट्स
योजना के इस तीसरे चरण में फ्लैट्स दिल्ली के तीन प्रमुख इलाकों में उपलब्ध हैं। नरेला सेक्टर G-7/G-8 पॉकेट-11 और नरेला सेक्टर A1-A4, पॉकेट-1A में EWS फ्लैट्स बेचे जा रहे हैं। इनके अलावा रोहिणी सेक्टर-4, द्वारका सेक्टर-16B और नसीरपुर द्वारका में JANTA फ्लैट्स ऑफर किए जा रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन और बुकिंग की तारीख
DDA की तरफ से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 30 दिसंबर, 2025 को दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है। वहीं, फ्लैट बुकिंग 15 जनवरी, 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। यह पूरी प्रक्रिया पहले आएं, पहले पाएं आधार पर होगी, यानी पहले आवेदन करने वालों को अलॉटमेंट में प्राथमिकता मिलेगी।
कैसे करें आवेदन
इस योजना के तहत इच्छुक आवेदक DDA की आधिकारिक वेबसाइट https://eservices.dda.org.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन से पहले पात्रता शर्तों और दस्तावेजों की जांच जरूर कर लें।
क्यों अहम है यह स्कीम
दिल्ली में बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के बीच यह योजना मिडिल क्लास और लोअर इनकम ग्रुप के लिए बड़ा मौका है। कम कीमत, सरकारी भरोसा और विकसित इलाकों में फ्लैट्स इस स्कीम को खास बनाते हैं।
दिल्ली में कितनी है फ्लैट की औसत कीमत
दिल्ली में फ्लैट की औसतन कीमत काफी ऊंची है। मौजूदा मार्केट रेट के हिसाब से देखें, तो मैजिकब्रिक्स के मुताबिक राजधानी में रेजिडेंशियल फ्लैट्स का औसत रेट करीब ₹13,000–₹14,000 प्रति वर्ग फुट के आसपास चल रहा है। इसका मतलब यह है कि 600–700 वर्ग फुट का एक सामान्य 2BHK फ्लैट आमतौर पर ₹75 लाख से ₹1 करोड़ के दायरे में आता है, जबकि 3BHK फ्लैट की कीमत कई इलाकों में ₹1.2 करोड़ से ऊपर पहुंच जाती है। हालांकि, बाहरी या पुराने इलाकों में कुछ छोटे और पुराने फ्लैट ₹30–40 लाख में भी मिल सकते हैं, लेकिन कुल मिलाकर दिल्ली में घर खरीदना मिडिल क्लास के लिए लगातार महंगा होता जा रहा है।
