Changes From 1 August: जुलाई का महीना खत्म होने जा रहा है। आज के बाद इस महीने में केवल 4 दिन बचेंगे। 4 दिन बाद अगस्त का महीना शुरू हो जाएगा। आम तौर पर हर नये महीने के साथ ही कुछ वित्तीय बदलाव देखने को मिलते हैं। इस बार भी नये महीने की शुरुआत के साथ ही पैसों से जुड़े कुछ बदलाव लागू हो जाएंगे। इन बदलावों का असर आपकी जेब पर पड़ सकता है। वहीं बैंकिंग से जुड़ी एक अहम जानकारी भी है, जो आपको प्रभावित कर सकती है। आगे जानिए अगले महीने से जुड़े बदलावों के बारे में।
अगस्त से हो जाएंगे ये बदलाव
गैस सिलेंडर का रेट
हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के नये दाम जारी किए जाते हैं। इनमें कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर दोनों की नई कीमतें रिव्यू के बाद घोषित की जाती हैं। 1 अगस्त को भी कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर दोनों की कीमतों का ऐलान किया जाएगा। कीमतों में बढ़ोतरी और कटौती के अलावा ये भी संभव होता है कि कोई बदलाव न किया जाए।
पीएनजी और सीएनजी
गैस सिलेंडर के अलावा पीएनजी और सीएनजी की कीमतों में भी बदलाव किए जाने की संभावना रहती है। अगर इनमें से किसी के रेट बढ़े तो आपकी जेब पर असर पड़ेगा।
आईटीआर फाइल न किया तो पेनल्टी
इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की डेडलाइन 31 जुलाई है। हालांकि ये डेडलाइन सिर्फ उन लोगों के लिए है, जिन्हें अपने खाते को ऑडिट नहीं कराना। यदि आप ऐसे लोगों में शामिल हैं और आपने 31 जुलाई तक आईटीआर फाइल नहीं किया तो आपको जुर्माना देना होगा। ये जुर्माना 5,000 रुपये तक हो सकता है।
बैंकों की छुट्टियां
अगले महीने में बैंकों में 14 छुट्टियां रहेंगी। दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा अगले महीने रक्षाबंधन समेत कई त्योहारों के कारण 14 दिन बैंकों में काम नहीं होगा। हालांकि अलग-अलग राज्य के हिसाब से अलग-अलग छुट्टियां होंगी। पर कुछ दिन ऐसे रहेंगे, जिनमें पूरे देश के बैंक बंद रहेंगे।
