Startups News : देश की तकनीकी राजधानी कहे जाने वाले बेंगलुरु ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक के क्षेत्र में अपनी बादशाहत को और मजबूत कर लिया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत के स्वदेशी एआई स्टार्टअप्स को अब तक जितना भी निवेश मिला है, उसका 36.3 प्रतिशत हिस्सा अकेले बेंगलुरु के स्टार्टअप्स के पास गया है। इतना ही नहीं, साल 2023 के बाद एआई और डीप टेक सेक्टर में देश में जितने भी नए यूनिकॉर्न (एक अरब डॉलर से अधिक वैल्यूएशन वाली कंपनियां) बने हैं, उनमें से 71 प्रतिशत इसी शहर में स्थित हैं। बुधवार को '29वें बेंगलुरु प्रौद्योगिकी सम्मेलन' के दौरान यह जानकारी सामने आई।
एआई और डीप टेक स्टार्टअप में बेंगलुरु का दबदबा
आंकड़ों में बेंगलुरु की बड़ी छलांग
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खरगे ने इस सम्मेलन में 'बेंगलुरु इनोवेशन रिपोर्ट 2026' जारी की। कर्नाटक डिजिटल इकॉनमी मिशन (KDEM) और 3वन4 कैपिटल द्वारा ट्रैक्सन के आंकड़ों के आधार पर तैयार इस रिपोर्ट में 23 सितंबर 2026 तक का डेटा शामिल है। रिपोर्ट बताती है कि 2010 से अब तक बेंगलुरु में डीप टेक के 1,556 स्टार्टअप शुरू हुए, जिनमें से 1,319 आज भी सक्रिय हैं और इन्होंने कुल 3.77 अरब डॉलर का निवेश जुटाया है। वहीं, स्वदेशी एआई के क्षेत्र में स्थापित 799 स्टार्टअप में से 764 पूरी तरह सक्रिय हैं और निवेशकों का भरोसा जीत रहे हैं।
निवेश और सक्रिय स्टार्टअप में मुंबई से दोगुना आगे
निवेश जुटाने के मामले में बेंगलुरु देश के अन्य शहरों से काफी आगे निकल चुका है। 2010 से अब तक यहां के स्टार्टअप्स ने करीब 85 अरब डॉलर की फंडिंग हासिल की है, जो पूरे भारत के स्टार्टअप्स को मिले कुल निवेश का 47 प्रतिशत है। इसमें से 76.5 अरब डॉलर तो सिर्फ पिछले 10 वर्षों में आए हैं। अगर सक्रिय और फंडेड स्टार्टअप्स की संख्या देखें, तो 2010 के बाद बेंगलुरु में ऐसे 3,810 स्टार्टअप काम कर रहे हैं। यह आंकड़ा देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (1,982 स्टार्टअप) की तुलना में लगभग दोगुना है।
दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा यूनिकॉर्न हब
यूनिकॉर्न कंपनियों के मामले में बेंगलुरु ने वैश्विक स्तर पर अपनी खास पहचान बनाई है। शहर में फिलहाल 57 यूनिकॉर्न कंपनियां हैं, जिनकी कुल वैल्यूएशन 211 अरब डॉलर है। देश के कुल 131 यूनिकॉर्न में बेंगलुरु की हिस्सेदारी 44 प्रतिशत है, जबकि कुल वैल्यूएशन में यह हिस्सा 55.3 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ बेंगलुरु दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा यूनिकॉर्न केंद्र बन गया है। अमेरिका, यूरोप और चीन के बाहर यह दुनिया का सबसे बड़ा स्टार्टअप हब है। खास बात यह है कि यहां के स्टार्टअप्स को यूनिकॉर्न बनने में औसतन सिर्फ छह साल लगते हैं, जबकि देश के अन्य शहरों में इसमें सात से 11 साल का समय लगता है। 2020 के बाद देश में बने 100 यूनिकॉर्न में से 46 बेंगलुरु से ही निकले हैं।
भविष्य के यूनिकॉर्न और महिला उद्यमियों की बढ़ती ताकत
आने वाले समय में भी बेंगलुरु का दबदबा कायम रहने की पूरी उम्मीद है। शहर में 212 ऐसे स्टार्टअप हैं जो जल्द ही यूनिकॉर्न बन सकते हैं। यह देश के कुल 589 संभावित यूनिकॉर्न का 36 प्रतिशत है, जो दिल्ली-एनसीआर (134) और मुंबई (121) से कहीं अधिक है। यहां के स्टार्टअप महज पांच साल में इस मुकाम तक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, महिला उद्यमियों की भागीदारी भी तेजी से बढ़ी है। देश के सक्रिय और फंडेड डीप टेक व स्वदेशी एआई स्टार्टअप्स में करीब 30 प्रतिशत की स्थापना महिलाओं ने की है और ये सभी बेंगलुरु में स्थित हैं। महिला नेतृत्व वाले इन स्टार्टअप्स ने अब तक 32.36 करोड़ डॉलर का निवेश जुटाया है।
छोटे शहरों तक तकनीक पहुंचाने का लक्ष्य
रिपोर्ट जारी करते हुए मंत्री प्रियांक खरगे ने राज्य सरकार के भविष्य के रोडमैप पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अब कर्नाटक सरकार का अगला बड़ा लक्ष्य इस विकास को राज्य के अन्य हिस्सों तक ले जाना है। सरकार यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है कि विश्वस्तरीय एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर कंपनियां कलबुर्गी, हुबली और मंगलुरु जैसे उभरते शहरों में भी विकसित हो सकें, जिससे पूरे राज्य में तकनीक और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
