India-Pakistan Tension: पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच विभिन्न ऑनलाइन यात्रा बुकिंग प्लेटफॉर्म्स ने पाकिस्तान को सपोर्ट देने वाले देश तुर्किये और अजरबैजान (Azerbaijan) के यात्रा विकल्प निलंबित कर दिए हैं। विभिन्न बुकिंग प्लेटफॉर्म्स ने यह ऐलान करते हुए ग्राहकों को इन देशों की ‘गैर-जरूरी’ यात्रा से बचने की सलाह दी, जबकि भारतीय यात्रियों से संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा की योजना बनाने से पहले अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया।
अजरबैजान जाने से पहले 10 बार सोचें
पाकिस्तान को समर्थन देने वाले देशों के खिलाफ कड़ा रुख
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव तथा तुर्किये और अजरबैजान द्वारा पाकिस्तान को समर्थन दिए जाने के बाद, भारत की प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल कंपनियों ने इन देशों के लिए यात्रा सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। कंपनियों ने यात्रियों को इन गंतव्यों की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
कॉक्स एंड किंग्स का बड़ा फैसला
कॉक्स एंड किंग्स ने कहा कि उसने अजरबैजान, तुर्किये और उज्बेकिस्तान के लिए सभी नए यात्रा विकल्पों को अस्थायी रूप से हटाने का फैसला लिया है। कंपनी के निदेशक करण अग्रवाल ने कहा कि यह फैसला देशहित और सिद्धांतों की रक्षा के लिए लिया गया है। जब तक भू-राजनीतिक स्थिति में स्पष्टता नहीं आती, यात्रियों को संयम बरतने की जरुरत है।
ईजमाईट्रिप ने जारी की यात्रा परामर्श
ईजमाईट्रिप ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि तुर्किये और अजरबैजान द्वारा पाकिस्तान को समर्थन दिए जाने के कारण वे इन देशों की यात्राओं को केवल जरूरी परिस्थितियों तक सीमित रखने की कड़ी सलाह दे रहे हैं।
ट्रैवोमिंट ने किया बहिष्कार का समर्थन
ट्रैवोमिंट ने इन दोनों देशों के लिए सभी यात्रा पैकेजों की तत्काल बिक्री निलंबित कर दी है। सीईओ आलोक के सिंह ने कहा कि हमने भारत में उठे तुर्किये और अजरबैजान के बहिष्कार के आह्वान का समर्थन किया है। आपात स्थिति में उड़ान बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही, मौजूदा बुकिंग रद्द करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
देश के भीतर होटल बुकिंग पर भी असर
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FHRAI) और HRAWI के प्रवक्ता प्रदीप शेट्टी के मुताबिक राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में होटलों की बुकिंग रद्द की जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। (भाषा इनपुट के साथ)
