घर खरीदना हर किसी का सपना होता है। इस सपने को पूरा करने के लिए हर कोई मेहनत कर पैसा जोड़ता और फिर घर बुक करता है। घर बुक करने के बाद फ्लैट की चाबी मिल जाती है तो बड़ा सुकून होता है। इसके बाद लगता है कि अब टेंशन से मुक्ति मिल गई लेकिन ऐसा नहीं है। यहां से जिम्मेदारियों की शुरुआत होती है। नया घर खरीदने के बाद अपना पता अपडेट करने से लेकर आस-पड़ोस घूमने, पड़ोसियों से जुड़ने और जरूरी चीजें जैसे स्कूल, हॉस्पिटल और किराना स्टोर ढूंढने तक कई काम ऐसे होते हैं जो आपको करने होते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं कि घर खरीदने के बाद वो 5 कौन से काम हैं जिसे जल्द से जल्द जरूर पूरा करना चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो बाद में परेशानी में फंस सकते हैं।
फ्लैट बायर्स
डॉक्यूमेंटेशन चेकलिस्ट करना नहीं भूलें
घर खरीदने के बाद प्रॉपर्टी पेपर, यूटिलिटी कनेक्शन, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट्स को जरूर चेक करें। अगर इसमें कोई गलती हो तो उसे ठीक करा लें। आमतौर पर डॉक्यूमेंटेशन में गलती से बिलिंग में परेशानी और इंश्योरेंस क्लेम में चुनौतियां आ सकती हैं। इसलिए घर की चाबी मिलते हैं सबसे पहला काम पेपर वर्क चेक करना करें। अगर कहीं गलती मिले तो बिना देरी के उस ठीक करा लें।
डेली यूज स्टोर की जानकारी ले लें
घर में शिफ्ट होने के बाद किराना स्टोर वाला, एक भरोसेमंद केमिस्ट, लोकल बाजार, अस्पताल, स्कूल, फार्मेसी, और इमरजेंसी सर्विसेज जो पास में हों और आसानी से मिल सकें, की जानकारी जरूर जुटा लें। यह आपकी जिंदगी को नए जगह आसान बनाने का काम करेगी।
घर की मेंटेनेंस जांच लें
नए घरों में रहने से पहले मेंटेनेंस जरूर चेक करें। नए बने घरों में छोटी-मोटी कंस्ट्रक्शन की कमियां अक्सर देखने को मिलती है। रहने से पहले लीकेज और सीपेज की जांच करें। साथ ही यह देखना चाहिए कि सभी फिटिंग और अप्लायंसेज ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं।
चेकलिस्ट जरूर बनाएं
फ्लैट की चाबी मिलने के बाद हम समझते बैठते हैं कि अब सबकुछ हो गया। हालांकि, ऐसा होता नहीं है। अब आपका काम शुरू होता है। इसलिए नए घर में जाने की चेकलिस्ट बनाएं। अगर आप चीजों को याद रखने की कोशिश करेंगे, तो हो सकता है कि आप कुछ जरूरी चीज भूल जाएं। जो भी काम बाकी हैं, उन्हें लिखकर आप न सिर्फ यह पक्का कर सकते हैं कि आपसे कुछ छूटे नहीं, बल्कि आप एक प्रायोरिटी वाली लिस्ट भी बना सकते हैं, बजाय इसके कि आप उन कामों में समय बर्बाद करें जो बाद में किए जा सकते थे।
इसे मिस न करें
नए घर में बसने की एक्साइटमेंट में, अक्सर छोटी, कम दिखने वाली डिटेल्स छूट जाती हैं। इनमें सबसे आम गलती यह है कि IDs, बैंक अकाउंट और डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर ऑफिशियल एड्रेस अपडेट करना भूल जाते हैं। इस काम को निपटा कर आप भविष्य में होने वाली बहुत सारी परेशानियों से बचा सकते हैं।
