8th Pay Commission : 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th CPC) ने अलग-अलग कैटेगरी के पदों पर कंसल्टेंट्स की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जा रही है। 8वें वेतन आयोग का गठन सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन, भत्तों, पेंशन और सेवा शर्तों की समीक्षा कर अपनी सिफारिशें देने के लिए किया गया है। आयोग को अपने कार्य में मदद के लिए एक्सपर्ट्स और योग्य उम्मीदवारों की जरुरत है।
8वां वेतन आयोग भर्ती: कंसल्टेंट पदों पर बंपर मौका
कॉन्ट्रैक्ट की अवधि और जॉइनिंग की प्रक्रिया
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शुरुआती चरण में एक वर्ष के लिए या फिर आयोग का कार्यकाल समाप्त होने तक होगी, जो भी पहले हो। हालांकि, उम्मीदवार के वर्क परफॉर्मेंस और आयोग की जरूरत के अनुसार इस अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है। चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति का प्रस्ताव केवल ईमेल के जरिए भेजा जाएगा, जिस पर उम्मीदवारों को 7 दिनों के भीतर अपनी सहमति देनी होगी। ईमेल भेजे जाने के बाद जॉइनिंग के लिए अधिकतम 30 दिनों का समय मिलेगा। तुरंत जॉइन करने के लिए तैयार उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स (HR), इंडस्ट्रियल रिलेशंस (IR) या इससे संबंधित विषयों में मास्टर डिग्री या MBA होना चाहिए। इसके अलावा, बार काउंसिल या बार एसोसिएशन में रजिस्टर्ड LLB उम्मीदवार, जिनके पास कानूनी शोध या ट्रिब्यूनल/अदालतों में सेवा मामलों को संभालने का अनुभव है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। सभी कैटेगरी के लिए उम्मीदवारों को एमएस एक्सेल, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन/स्लाइड डेक तैयार करने का अच्छा व्यावहारिक ज्ञान होना अनिवार्य है। ऐसे उम्मीदवारों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी जिन्होंने पहले से ही वेतन स्ट्रक्चर, मुआवजा पैकेज या स्थापना (एस्टैब्लिशमेंट) से जुड़े मामलों पर काम किया हुआ है। चयन के बाद उम्मीदवारों को कम से कम दो रेफरेंस से सत्यनिष्ठा प्रमाणपत्र (इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट) और एक स्व-घोषणा पत्र देना होगा कि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड या पेंडिंग मुकदमा नहीं है।
पदों का डिटेल और वेतन की जानकारी
आयोग ने आयु, अनुभव और पदों की संख्या के आधार पर कंसल्टेंट्स को तीन कैटेगरी में विभाजित किया है:-
- सीनियर कंसल्टेंट: इस पद के लिए उम्मीदवारों के पास 10 वर्ष से अधिक का प्रासंगिक अनुभव होना चाहिए और आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कुल 5 पद रिक्त हैं। इस पद पर फुल-टाइम काम करने वाले को 1,80,000 रुपये प्रति माह, 12 दिन प्रति माह काम करने वाले को 90,000 रुपये और 6 दिन प्रति माह काम करने वाले को 45,000 रुपये दिए जाएंगे।
- कंसल्टेंट: इस कैटेगरी के लिए 6 वर्ष से अधिक का अनुभव और अधिकतम 40 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है। इसके लिए भी 5 पद उपलब्ध हैं। इस पद के तहत फुल-टाइम के लिए 1,20,000 रुपये 12 दिन के लिए 60,000 रुपये और 6 दिन के लिए 30,000 रुपये मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा।
- कंसल्टेंट (यंग प्रोफेशनल): इसके लिए 4 वर्ष से अधिक का अनुभव और अधिकतम 32 वर्ष तक की आयु वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कुल 10 पद हैं। फुल-टाइम काम करने पर 90,000 रुपये 12 दिन के लिए 45,000 रुपये और 6 दिन के लिए 22,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
आवेदन कैसे करें और आखिरी तारीख
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (https://8cpc.gov.in/related-links/) पर जाकर लिंक प्राप्त कर सकते हैं या सीधे एनआईसी फॉर्म (https://nicforms.nic.in/enRhYmxlNjlkMzczNmI2YTNlOTIwMjYwNDA2NTI) के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे; किसी भी हार्ड कॉपी या ईमेल के जरिए भेजे गए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
रोजगार की अन्य महत्वपूर्ण शर्तें
कंसल्टेंट्स की नियुक्ति एक निश्चित समय अवधि के लिए विशेष और समयबद्ध कार्यों को पूरा करने के लिए की जाएगी। इन्हें दैनिक या नियमित कामों के लिए तैनात नहीं किया जाएगा। फुल-टाइम काम करने वाले कंसल्टेंट्स अपनी नियुक्ति के दौरान कोई अन्य नौकरी या काम नहीं कर सकेंगे। यह पूरी तरह से अस्थायी नियुक्ति है, जिसे आयोग द्वारा बिना कोई कारण बताए किसी भी समय समाप्त किया जा सकता है।
