दिवाली पर जमकर हुई खरीदारी, टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड, UPI से एक दिन में 90 हजार करोड़ का भुगतान

दिवाली से एक दिन पहले यानी 7 नवंबर को UPI के जरिए लेनदेन का आंकड़ा और भी ज्यादा रहा। इस दिन कुल 97.58 करोड़ ट्रांजैक्शन किए गए। इनके जरिए 1,36,118 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ।

दिवाली के मौके पर देशभर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसका असर डिजिटल पेमेंट पर भी देखने को मिला। त्योहार के दौरान आखिरी समय में हुई खरीदारी के चलते यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के इस्तेमाल में सालाना आधार पर 32 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर को दिवाली के दिन UPI के जरिए कुल 91.69 करोड़ ट्रांजैक्शन किए गए। पिछले साल दिवाली के दिन यह आंकड़ा 69.57 करोड़ था। यानी इस बार लोगों ने डिजिटल भुगतान के लिए UPI का पहले से ज्यादा इस्तेमाल किया।

UPI PAYMENT ON DIWALI

दिवाली से एक दिन पहले हुए ज्यादा ट्रांजैक्शन/Photo- AI

दिवाली पर 90 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का डिजिटल भुगतान

PTI/भाषा के मुताबिक UPI के जरिए सिर्फ ट्रांजैक्शन की संख्या ही नहीं बढ़ी, बल्कि कुल भुगतान की रकम में भी इजाफा हुआ। 8 नवंबर को UPI के माध्यम से कुल 90,029.43 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। पिछले साल दिवाली के दिन यह रकम 88,350.79 करोड़ रुपये थी। आंकड़ों से साफ है कि इस बार दिवाली पर खरीदारी के लिए डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल बढ़ा है। किराना, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरे सामान की खरीदारी में लोगों ने UPI को प्राथमिकता दी।

End of Feed