Patna News: बिहार की राजधानी पटना में एक शादीशुदा महिला और एक युवक का साथ रहना अचानक उस समय सुर्खियों में आ गया, जब महिला के पति ने पुलिस की मदद से दोनों को गांधी मैदान के पास पकड़ लिया। दरअसल किशनगंज की रहने वाली 26 साल की ममता की शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे भी हैं। वहीं पटना में सैलून चलाने वाला युवक सन्नी खाली समय में इंस्टाग्राम पर रील्स बनाता है। सोशल मीडिया के जरिए ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।
घर से भागकर पटना पहुंची दो बच्चों की मां को पुलिस ने पकड़ा (AI Image)
सन्नी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी दो साल पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ भाग गई थी, जिसके बाद वह अकेला ही रह रहा था। अकेलापन दूर करने के लिए वह सैलून का काम करने के साथ ही रील्स भी बनाता था। करीब चार महीने पहले ममता ने उसके वीडियो लाइक करने शुरू किए और फिर उसने सन्नी से उसका फोन नंबर मांग लिया। दोनों के बीज बातचीत व नजदीकियां बढ़ती गई और ममता ने अपने वैवाहिक जीवन की परेशानियां भी उसे बताईं। दोनों के बीच फोन पर रोज बातचीत होने लगी और दोनों एक-दूसरे के करीब आते गए। धीरे-धीरे बात शादी तक भी पहुंच गई और ममता ने किशनगंज छोड़कर शहर में रहने की इच्छा जताते हुए शादी के लिए हामी भर दी।
फिर 3 दिसंबर का दिन आया, जब ममता घर से काम का बहाना बनाकर निकली और अगले दिन पटना पहुंच गई। सन्नी उसे स्टेशन से लेकर अपने कमरे में ले आया, जहां वे चार दिनों तक साथ रहे। सन्नी का कहना है कि इसी बीच दोनों ने मंदिर में शादी भी कर ली और पति-पत्नी की तरह रहने लगे। मामले में मोड़ तब आया, जब ममता के मामा का फोन बार-बार आने लगा और पता चला कि उसके पति ने किशनगंज में ममता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामा और परिवारवालों ने सोशल मीडिया के जरिए ममता के पटना में होने की पुष्टि की। इसके बावजूद दोनों पकड़ में नहीं आ रहे थे। बाद में मामा ने कोर्ट मैरिज का झांसा देकर दोनों को गांधी मैदान बुलाया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।
ममता ने भी स्वीकार किया कि वह सन्नी के वीडियो देखकर उसे पसंद करने लगी थी और दो महीने पहले नंबर साझा किए थे। हालांकि, ममता ने आरोप लगाया है कि सन्नी ने उस पर जादू-टोना कर दिया था, यही नहीं ममता का कहना है कि सन्नी ने उसे बताया था कि वह सिंगल है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
