Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8-December-2025: बिहार में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पछुआ हवाओं की तेजी ने सुबह और रात की ठिठुरन को और कड़ा बना दिया है। राज्यभर में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया, सहरसा, कटिहार समेत ज्यादातर हिस्सों में ठंड का असर साफ दिखने लगा है।
बिहार में इसी हफ्ते से चल सकती है शीतलहर
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम
आज यानी 8 दिसंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की मौजूदगी यात्रियों के लिए चुनौती पेश कर सकती है। विभाग ने लोगों को खासकर सुबह-सुबह यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह की धुंध और बर्फीली हवा ठंड को बरकरार रखेंगी। ठंडी हवाओं का असर दिन में भी दिखाई दिया है।
पारा लुढ़का, कई जिलों में बढ़ी कंपकंपी
राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान बीते दिनों में 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। दक्षिण बिहार के कैमूर, रोहतास, नवादा और गया में पारा सबसे तेजी से गिरा है। कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान केवल 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड है। पूर्वी चंपारण, पटना, मुजफ्फरपुर, बक्सर और रोहतास समेत कुल 25 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और सहरसा जैसे सीमांचल क्षेत्रों में पारा थोड़ा ऊपर जरूर है, लेकिन वहां भी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान अधिकतर जिलों में 25 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। किशनगंज का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। राजधानी पटना सहित कई स्थानों पर दिन की ठंड बढ़ गई है।
कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
रविवार की सुबह पूर्णिया में दृश्यता न्यूनतम 450 मीटर रिकॉर्ड की गई। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, पटना, गया, सासाराम और कैमूर के कई इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा छाया रह सकता है।
आगे कैसा रहेगा बिहार का मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के आए पूर्वानुमान रिपोर्ट के मुताबिक, अगले सात दिनों तक मौसम सूखा रहने वाला है। तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हल्का उतार-चढ़ाव तो रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर यही ठंडा मिजाज जारी रहेगा। 15 दिसंबर के बाद तापमान में एक और गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।
