Bihar rail accident: बिहार के जमुई जिले में बीती देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। जसीडीह-झाझा रेलखंड पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई, जिससे रेल ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई। इस रेल हादसे में ट्रेन के 8 डिब्बे पलट गए। दुर्घटना के कारण इस रूट पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है।
जमुई में मालगाड़ी पलटी (फोटो- IANS)
बरुआ नदी में गिरे मालगाड़ी के डिब्बे
मिली जानकारी के अनुसार मालगाड़ी अपलाइन पर जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी। अचानक टेलवा बाजार हाल्ट के पास पुल संख्या 676 पर सीमेंट लदी मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सभी डिब्बे पुल के पास ही रह गए और इंजन करीब 400 मीटर आगे टेलवा बाजार हाल्ट के पास जाकर रुकी। गाड़ी के चालक और गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना सिमुलतला स्टेशन को दी। करीब एक बजे सिमुलतला स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, आरपीएफ ओपी प्रभारी रवि कुमार, पीडब्लूआई रंधीर कुमार मौके पर पहुंचे। ईस्ट सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ ने कहा- "27 दिसंबर 2025 को रात 11:25 बजे आसनसोल डिवीजन (ईस्टर्न रेलवे) के लहाबोन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे इस सेक्शन की अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेन संचालन बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से ART (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) टीमों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया, और युद्धस्तर पर बहाली का काम जारी है।"
हादसे से रेल संचालन प्रभावित
मालगाड़ी के बेपटरी होने के बाद कई ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है और कुछ ट्रेनों का रूट बदला गया है। यात्रियों को काफ़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें जहां-तहां स्टेशन पर खड़ी हैं। रात में गुजरने वाली करीब दो दर्जन एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, बहाली का काम जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। भारी क्रेन मंगाई गई हैं और ट्रैक को साफ करने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द ट्रैफिक बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
बड़ी दुर्घटना टली, जनहानि की खबर नहीं
इस हादसे में किसी मानव हानि की जानकारी सामने नहीं आई है। राहत की बात यह है कि ट्रेन मालगाड़ी थी, इसलिए बड़ा मानवीय नुकसान होने से बच गया।
जांच के आदेश
रेल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती आशंका के अनुसार, तकनीकी खराबी या ट्रैक की समस्या इसकी वजह हो सकती है। विस्तृत रिपोर्ट जांच के बाद सामने आएगी।
