World’s Largest Truck: क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया का सबसे बड़ा ट्रक (largest truck weight) कितना भारी होगा? आपके जेहन में भी हाईवे पर चलने वाले भारी-भरकम ट्रक आ रहे होगें। लेकिन हम यहां एक ऐसे ट्रक की बात कर रहे हैं, जो सामान्य ट्रक के मुकाबले में साइज और वजन दोनों में बड़ा और भारी है। सामान्य ट्रक से साइज में कई गुना बड़े ट्रक का इस्तेमाल सड़कों पर सामान पहुंचाने के लिए नहीं बल्कि बड़ी-बड़ी खदानों (Mining Sites) में भारी मात्रा में खनिज और चट्टानें ढोने के लिए किया जाता है। हम यहां दुनिया के सबसे बड़े और भारी ट्रक BelAZ 75710 की बात कर रहे हैं।
दुनिया का सबसे बड़ा ट्रक कितना भारी? (AI Generated Image)
BelAZ 75710 को बेलारूस की कंपनी BelAZ ने बनाया है। यह अल्ट्रा-क्लास माइनिंग ट्रक अपने विशाल आकार और जबरदस्त क्षमता के लिए जाना जाता है। इसे दुनिया के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा पेलोड क्षमता वाले हॉल ट्रकों में गिना जाता है।
कितना भारी है BelAZ 75710?
BelAZ 75710 का वजन सुनकर शायद आपको यकीन करना मुश्किल हो जाए। इस ट्रक का खाली वजन करीब 360 टन (3,60,000 किलोग्राम) है। वहीं, जब इसमें पूरा सामान लोड होता है तो इसका कुल वजन लगभग 810 टन तक पहुंच सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी सामान ढोने की क्षमता है। यह ट्रक एक बार में लगभग 450 टन तक वजन उठा सकता है। यानी यह एक साथ सैकड़ों छोटी कारों के बराबर वजन लेकर चल सकता है।
कितना बड़ा है यह ट्रक?
BelAZ 75710 का आकार भी किसी विशाल मशीन से कम नहीं है। इसकी लंबाई 20.6 मीटर, ऊंचाई 8.16 मीटर और चौड़ाई 9.87 मीटर बताई जाती है। अगर इसकी तुलना आम कार से करें तो यह ट्रक इतना बड़ा है कि इसके विशाल पहियों के सामने एक छोटी कार खिलौने जैसी दिखाई दे सकती है।
इसमें लगे हैं विशाल टायर
इस ट्रक में बेहद बड़े आकार के टायर लगाए गए हैं। इसमें 59/80R63 साइज के आठ टायर इस्तेमाल होते हैं। ये टायर इतने बड़े होते हैं कि इनकी ऊंचाई एक सामान्य व्यक्ति से कई गुना ज्यादा होती है। इतने भारी वाहन को संभालने के लिए इसके टायर, सस्पेंशन और ब्रेक सिस्टम को भी बेहद मजबूत बनाया गया है।
कितनी ताकतवर है इसकी इंजन क्षमता?
BelAZ 75710 को ताकत देने के लिए इसमें दो बड़े MTU DD 16V4000 डीजल इंजन लगाए गए हैं। दोनों इंजन मिलकर करीब 4,600 हॉर्सपावर की पावर पैदा करते हैं। इसकी ड्राइव सिस्टम पारंपरिक ट्रक जैसी नहीं है। इसमें डीजल-इलेक्ट्रिक सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इतनी भारी मशीन को चलाने में मदद मिलती है।
कितनी स्पीड से चलता है यह विशाल ट्रक?
इतना भारी होने के बावजूद BelAZ 75710 की अधिकतम स्पीड करीब 60 से 64 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि, इसे आम सड़कों पर चलाने के लिए नहीं बनाया गया है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से बड़ी ओपन-पिट खदानों में किया जाता है।
