Upcoming Hyundai SUV: भारतीय मिड-साइज SUV सेगमेंट में Hyundai Creta काफी लोकप्रिय एसयूवी है और अब कंपनी इसकी नई जेनरेशन पर काम कर रही है। नई Hyundai Creta को रोड टेस्टिंग के दौरान एक बार फिर देखा गया है। इस बार इसकी टेस्टिंग दक्षिणी स्पेन में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ट म्यूल को गर्म मौसम की परिस्थितियों में भी परखा जा रहा है। इसके अलावा पीछे लगा टोइंग डायनो यह संकेत देता है कि SUV की टो कैपेसिटी और लगातार लोड के दौरान परफॉर्मेंस की भी जांच की जा रही है।
स्पाय शॉट्स में सामने आया Next-Gen Hyundai Creta का लुक (प्रतिकात्मक इमेज)
डिजाइन में बड़े बदलाव के मिल रहे संकेत
नई Creta के डिजाइन में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अभी तक टेस्टिंग के दौरान SUV के फ्रंट और रियर हिस्से पर बॉक्सी कैमुफ्लाज नजर आता था। हालांकि, नए स्पाई शॉट्स में इस कैमुफ्लाज को हटा दिया गया है और कार पर सिर्फ कैमुफ्लाज रैप दिखाई दे रहा है। इससे इसके बाहरी डिजाइन की ज्यादा जानकारी सामने आई है।
नई जेनरेशन Creta को Hyundai की लेटेस्ट ‘Art of Steel’ डिजाइन लैंग्वेज के आधार पर तैयार किया जा रहा है। इसमें पहले की तुलना में ज्यादा शार्प और एंगुलर लाइन देखने को मिल सकती हैं। SUV का फ्रंट हिस्सा सीधा और इसका सिल्हूट बॉक्सी रखा गया है। इसमें H-स्टाइल के टॉप-माउंटेड LED DRLs के साथ LED प्रोजेक्टर हेडलैंप दिए जाने की उम्मीद है। इसके साथ नई ग्रिल और स्लैटेड एलिमेंट वाला मेन बंपर भी देखने को मिल सकता है।
साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें स्लोपिंग रूफलाइन, फ्लश डोर हैंडल, सर्कुलर व्हील आर्च और स्पोर्टी डुअल-टोन मशीन एलॉय व्हील नजर आते हैं। पीछे की तरफ रूफ-माउंटेड स्पॉयलर, रेक्ड विंडशील्ड, फ्लैट बूट लिड और बड़ा बंपर दिया जा सकता है। रियर में भी H-स्टाइल टेल लैंप मिलने की उम्मीद है।
टेक्नोलॉजी को लेकर भी दिखेगा बदलाव
नई Creta में टेक्नोलॉजी के स्तर पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसे Software Defined Vehicle यानी SDV में बदला जा सकता है। इसका फायदा यह होगा कि कार में OTA अपडेट के जरिए समय-समय पर नए फीचर्स और सुधार जोड़े जा सकेंगे। SUV में Pleos Connect सिस्टम भी मिलने की उम्मीद है। इसमें सेंट्रल स्क्रीन के जरिए इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के कई फंक्शन एक साथ इंटीग्रेट किए जा सकते हैं।
नई क्रेटा में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम मिलने की उम्मीद
पावरट्रेन की बात करें तो नई Creta में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम मिलने की उम्मीद है। ग्लोबल स्तर पर इसमें 1.6-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड GDI पेट्रोल इंजन वाले हाइब्रिड सिस्टम की जानकारी दी गई है। भारत में नई Creta को 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन मिल सकता है। मौजूदा इंजन विकल्प भी जारी रहने की उम्मीद है। इसकी लॉन्चिंग इस साल के अंत में या 2027 में हो सकती है।
