Toyota Innova Crysta Price Hike: टोयोटा किर्लोसकर मोटर ने ग्राहकों की पसंदीदा इनोवा क्रिस्ट एमपीवी की कीमत बढ़ा दी है। कंपनी ने तत्काल प्रभाव से इस कार की कीमत में 27,000 रुपये तक बढ़ोतरी कर दी है। इनोवा क्रिस्टा के जेडएक्स वेरिएंट की कीमत में 27,000 रुपये तक इजाफा हुआ है, वहीं वीएक्स वेरिएंट अब 25,000 रुपये तक महंगा मिलेगा। इसके अलावा कंपनी ने जीएक्स प्लस वेरिएंट की कीमत में भी 22,000 रुपये तक बढ़ोतरी कर दी है। टोयोटा इंडिया ने एमपीवी के एंट्री लेवल जीएक्स वेरिएंट की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। अब इनोवा क्रिस्टा की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये है जो 26.82 लाख तक जाती है।
टोयोटा इंडिया ने एमपीवी के एंट्री लेवल जीएक्स वेरिएंट की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है।
हाल में आया नया वेरिएंट
टोयोटा ने कुछ समय पहले ही मार्केट में पॉपुलर इनोवा हाइक्रॉस का नया जीएक्स ओ वेरिएंट्स लॉन्च किया है। इनोवा हाइक्रॉस जीएक्स ओ को 7 और 8-सीटर विकल्पों में पेश किया गया है, इनकी दोनों की एक्सशोरूम कीमत क्रमश: 21,13,000 रुपये और 20,99,000 रुपये रखी गई है। कंपनी ने पहले ही 50,000 रुपये टोकन के साथ इसकी बुकिंग लेना शुरू कर दिया है। बता दें कि 8 सीटर वेरिएंट के बीच की कतार में बेंच सीट मिली है, इसी वजह से कीमत कम है। 7-सीटर वेरिएंट के बीच में कैप्टन सीट्स मिलती है, इसी के चलते कीमत कुछ ज्यादा रखी गई है।
हाइटेक फीचर्स से लोडेड एमपीवी
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है। इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है। सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है। एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है।
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है। जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है। इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं। एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है। मतलब एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है।
