Car Cooling Tips: भारत में मौसम भयावह रूप ले चुका है। गर्मी का प्रकोप जारी है और कुछ शहरों में तापमान 47 डिग्री तक जा पहुंचा है। भारत में कार पार्किंग भी एक बड़ी समस्या है और ऐसे में अक्सर लोग अपनी कार बाहर धूप में खड़ी करते हैं। अगर आप इतनी गर्मी में चटक धूप में अपनी कार बाहर खड़ी करते हैं तो दिन भर गाड़ी खड़ी रहने के बाद कार के कैबिन का तापमान 75 से 80 डिग्री तक पहुंच जाता है। कैबिन का तापमान इतना ज्यादा होने की वजह से कार को तो नुकसान होता ही है, साथ ही आपकी सेहत को भी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में जरूरी है कि आप कैबिन का तापमान थोड़ा कम कर लें और तभी कार में बैठें। आज हम आपको ऐसे गैजेट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल करके आप कैबिन के तापमान को कम कर सकते हैं।
‘सोलर फैन’ और ‘कार अंब्रेला’ करेंगे मदद, नहीं तपेगा आपकी कार का कैबिन
सनशेड का करें इस्तेमाल
कार में सनशेड का इस्तेमाल करके आप अपनी कार के कैबिन के तापमान को कंट्रोल कर सकते हैं। अक्सर लोग कार की खिड़की के लिए तो सनशेड खरीद लेते हैं लेकिन कार की विंडशील्ड के लिए सनशेड नहीं खरीदते। अगर आपकी कार भी धुप में खड़ी रहती है और खड़े-खड़े इसका तापमान काफी तेजी से बढ़ता है तो आपको अपनी कार में सनशेड जरूर लगाना चाहिए।
कार वाली छतरी
जिस तरह धूप से बचने के लिए लोग छतरी का इस्तेमाल करते हैं ठीक उसी तरह कार को धूप से बचाने के लिए भी छतरी आती है। आमतौर पर मार्केट में इसे कार अंब्रेला के नाम से जाना जाता है। आप इसे कार के ऊपर लगा सकते हैं और यह कार आपकी गर्मी की छत पर छाया कर देती है जिससे कैबिन तक धूप नहीं जाती और कैबिन का तापमान नहीं बढ़ता है।
सोलर पावर फैन का इस्तेमाल
यह एक छोटा सा पंखा है जो सोलर ऊर्जा से चलता है। इस सोलर फैन को आप कार की खिड़की या फिर विंडशील्ड पर भी लगा सकते हैं। कार धूप में खड़ी करने पर यह फैन कैबिन के अंदर मौजूद गर्मी को बाहर निकालता रहता है और इस तरह कैबिन के अंदर का तापमान बढ़ने नहीं देता है।
वेंटिलेटेड सीट भी है ऑप्शन
कार की सीट के कवर की तरह ही यह सीट पर एलास्टिक की मदद से लग जाती है। इस सीट के अंदर फैन लगा होता है और सीट में मौजूद पोर्ट्स की मदद से यह फैन बाहर हवा फेंकता है और इससे सीट गर्म नहीं होती और कैबिन का तापमान कम बना रहता है। इस सीट को कार में मौजूद 12 वॉल्ट के सॉकेट से पावर प्रदान की जाती है।
वाटर कूलिंग कुशन का भी है ऑप्शन
कार को धूप में खड़ा करने पर अक्सर सीट्स काफी गर्म हो जाती हैं। खासकर अगर सीट पर लैदर कवर हो या फिर लैदर की सीट हों तो यह काफी ज्यादा गरम हो जाती है। अगर आप गर्म सीट पर बैठने की समस्या से निजात चाहते हैं तो आप वाटर कूलिंग कुशन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
