भारत में ऑटो सेक्टर तेजी से ग्रीन फ्यूल की ओर बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की ओर से E85 और E100 जैसे उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन को लागू करने के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए गए हैं। इसी कड़ी में Royal Enfield Classic 350 का नया फ्लेक्स-फ्यूल (Flex-Fuel) वर्जन भी सुर्खियों में बना हुआ है। Royal Enfield Classic 350 का एक टेस्ट मॉडल (टेस्ट म्यूल) सड़कों पर देखा गया है, इस बाइक के फ्यूल टैंक पर ‘E85 fuel’ स्टिकर भी देखा गया है, जो इस बात का संकेत देता है कि यह बाइक एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलने के लिए तैयार की जा रही है।
Royal Enfield Classic 350 (Royal Enfield)
नया मॉडल E85 फ्यूल पर चलेगा
Royal Enfield Classic 350 (Photo: Royal Enfield)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नया मॉडल E85 फ्यूल पर चलने में सक्षम होगा। E85 का मतलब है 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल का मिश्रण। यह कदम सरकार की योजना के अनुरूप है। सरकार पेट्रोल पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक ईंधनों को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
Classic 350 से मिलती-जुलती है नई बाइक
टेस्टिंग के दौरान जो बाइक देखी गई, वह लगभग प्रोडक्शन-रेडी लग रही है। खास बात यह है कि डिजाइन के मामले में यह मौजूदा Classic 350 से काफी मिलती-जुलती है। हालांकि, इसमें कुछ छोटे बदलाव देखने को मिले हैं, जैसे नए अलॉय व्हील्स और फ्यूल टैंक पर ‘E85’ का स्टिकर, जो इसकी खासियत को दर्शाता है।
349cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिल सकता है
इंजन की बात करें तो इसमें 349cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया जा सकता है, जिसे E85 फ्यूल के अनुकूल बनाया गया है। यह इंजन करीब 20hp की पावर और 27Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है, जो मौजूदा मॉडल के समान ही है। यानी परफॉर्मेंस में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ईंधन के विकल्प में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
एथेनॉल बेस्ड ईंधन से कम होता है कार्बन उत्सर्जन
फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक का सबसे बड़ा फायदा इसका पर्यावरण के लिए ज्यादा अनुकूल होना ही होता है। एथेनॉल आधारित ईंधन से कार्बन उत्सर्जन कम होता है और यह घरेलू संसाधनों से भी तैयार किया जा सकता है, जिससे आयातित तेल पर निर्भरता घटती है।
बाइक 2026-27 के आसपास ले सकती एंट्री
Royal Enfield ने इस मॉडल को पहले 2024 के भारत मोबिलिटी एक्सपो में भी प्रदर्शित किया था, जहां इसे काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। अब इसका टेस्टिंग में दिखना इस बात का संकेत है कि कंपनी इसे जल्द बाजार में उतार सकती है। हालांकि, लॉन्च टाइमलाइन को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अनुमान है कि यह बाइक 2026-27 के आसपास बाजार में आ सकती है।
Classic 350 का फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन भारत में दोपहिया वाहनों के भविष्य को दिशा दे सकता है। अगर यह सफल होता है, तो आने वाले समय में और भी बाइक और कारें इस तकनीक को अपनाती नजर आ सकती हैं, जिससे देश में स्वच्छ और किफायती मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा।
