जब कोई व्यक्ति ऊबर चलाते हुए दिखता है, तो शायद ही कोई सोच पाए कि वह करोड़ों का बिजनेस चलाने वाला बिजनेसमैन हो सकता है, लेकिन हाल ही में भारतीय उद्यमी नव शाह के साथ हुई एक ऊबर राइड ने इंटरनेट पर ऐसा ही एक प्रेरणादायक किस्सा वायरल कर दिया।
Uber driver with 175 million dollar business/photo-Insta
“मैं ऊबर इसलिए चलाता हूं ताकि लड़कियां पढ़ सकें”
फिजी में ऊबर राइड के दौरान नव शाह ने अपने 86 वर्षीय ड्राइवर से बातचीत शुरू की और पूछा, “आप अपने खर्चे कैसे चलाते हैं?” ड्राइवर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं एक बिजनेसमैन हूं, मेरी कंपनी का सालाना टर्नओवर 175 मिलियन डॉलर है।”
उन्होंने आगे बताया कि वे पिछले 10 सालों से हर साल 24 लड़कियों की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं, और यह सारा पैसा वह ऊबर चलाकर कमाते हैं। ड्राइवर ने बताया, “मेरी तीन बेटियां हैं, मैंने उन्हें अच्छी शिक्षा दी, और वे आज सफल हैं। इसलिए सोचा, अगर मैं और लड़कियों के सपने पूरे करने में मदद कर सकता हूं, तो क्यों नहीं?”
1929 में पिता ने की थी शुरुआत
बातचीत के दौरान बुजुर्ग ड्राइवर ने बताया कि उनका बिजनेस कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। 13 ज्वेलरी की दुकानें, 6 रेस्टोरेंट, एक लोकल अखबार और 4 सुपरमार्केट्स उनके व्यवसाय का हिस्सा हैं। जब शाह ने पूछा कि क्या उन्होंने यह सब खुद शुरू किया, तो ड्राइवर ने गर्व से कहा, “नहीं, मेरे पिता ने 1929 में सिर्फ पांच पाउंड से इसकी शुरुआत की थी।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
नव शाह ने इस पूरी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और लिखा, “एक ऐसा व्यक्ति जिसने सब कुछ देखा, धन, सफलता, विरासत, लेकिन फिर भी विनम्र और दयालु बना रहा। उसने मुझे याद दिलाया कि असली सफलता ऊंचाई पर चढ़ने में नहीं, बल्कि दूसरों को ऊपर उठाने में है।”
वीडियो देखते ही हजारों लोगों ने उस 86 वर्षीय ड्राइवर की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “क्या शानदार इंसान हैं! असली लेजेंड।” वहीं एक अन्य ने लिखा, “वह मेरे ऊबर ड्राइवर भी रह चुके हैं, बेहद विनम्र और मददगार व्यक्ति हैं, उन्होंने मेरा सामान खुद उठाया और कहा, ‘महिलाओं को यह नहीं करना चाहिए।”
