Maruti Suzuki ने अपनी Grand Vitara को बाजार से वापस मंगाने का फैसला लिया है, हालांकि यह सभी मॉडल के लिए नहीं है। Grand Vitara के कुछ मॉडल के फ्यूल लेवल इंडीकेटर और वॉर्निंग सिस्टम में दिक्कत आई है जिसके बाद कंपनी ने यह फैसला लिया है। मारुति ने अपने एक बयान में कहा है कि Grand Vitara के करीब 39,506 यूनिट्स को वापस मंगाया जा रहा है। यह दिक्कत Grand Vitara के सिर्फ उन्ही मॉडल में हुई है जो 9 दिसंबर 2024 से 29 अप्रैल 2025 के बीच मैन्यूफैक्चर्ड हुई हैं।
Maruti Suzuki Grand Vitara Recalled/Photo-nexaexperience
क्या है समस्या?
मारुति सुजुकी ने बताया कि स्पीडोमीटर यूनिट में लगा फ्यूल लेवल गेज और चेतावनी लाइट कभी-कभी वास्तविक फ्यूल लेवल को सही तरीके से नहीं दिखा पा रही है। इससे ड्राइवर को टैंक में बचा ईंधन गलत तरीके से दिख सकता है, जो यात्रा के दौरान जोखिम पैदा कर सकता है।
कंपनी क्या समाधान दे रही है?
मारुति सुजुकी प्रभावित वाहन मालिकों से सीधे संपर्क करेगी और उन्हें नजदीकी अधिकृत सर्विस सेंटर पर बुलाया जाएगा। सर्विस सेंटर पर वाहन की जांच की जाएगी, खराब पार्ट को फ्री में बदला जाएगा। कंपनी ने यह भी कहा कि यह कदम एक एहतियाती उपाय है और ग्राहकों से अनुरोध किया है कि सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करने के लिए वे समय पर सर्विस सेंटर जाएं।
ग्रैंड विटारा: एक लोकप्रिय हाइब्रिड SUV
बता दें कि मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा भारतीय बाजार में काफी लोकप्रिय SUV है। इसकी कीमतें ₹10.77 लाख से ₹19.72 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच हैं। SUV कई पावरट्रेन विकल्पों के साथ आती है जिनमें पेट्रोल, CNG और PHEV (प्लग-इन हाइब्रिड) शामिल हैं। साथ ही इसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलता है, जो इसे उपभोक्ताओं के बीच खास पसंद बनाता है।
