भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा तेजी से अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है। थार और बोलेरो के नए अपडेटेड वर्जन पेश करने के बाद अब कंपनी की नजर XUV700 के इलेक्ट्रिक अवतार Mahindra XEV 7e पर है। हाल ही में इस SUV को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिल रहे हैं।
Mahindra XEV 7e/Photo-DEMO-AI
Hubli में चार्जिंग स्टेशन पर दिखी Mahindra XEV 7e
नई स्पाई तस्वीरों में महिंद्रा XEV 7e को कर्नाटक के हुबली में एक चार्जिंग स्टेशन पर देखा गया है, हालांकि टेस्ट मॉडल पर भारी कवर (कैमोफ्लाज) लगा हुआ था, लेकिन कुछ डिजाइन डिटेल्स सामने आई हैं। पहले लीक हुई तस्वीरों और हालिया शॉट्स के मुताबिक, इस SUV में क्लोज़्ड-ऑफ ग्रिल, आकर्षक LED DRL, और फुल-विड्थ LED लाइट बार फ्रंट में दी जा सकती है।
डिजाइन में मिलेगा नया टच
XEV 7e का साइड प्रोफाइल इसकी XUV700 जैसी सिल्हूट को बरकरार रखेगा, लेकिन इसमें कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए जाएंगे। फ्रंट और रियर बंपर नए डिजाइन के होंगे। C-पिलर का ट्रीटमेंट बदला गया है। पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललाइट स्ट्रिप दी गई है, जो इसे स्पोर्टी लुक देती है। केबिन में ट्रिपल स्क्रीन और मॉडर्न फीचर्स मिलेंगे, हालांकि इंटीरियर की पूरी जानकारी लॉन्च के करीब आने पर ही सामने आएगी, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें ट्रिपल स्क्रीन सेटअप, टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील जिसमें इल्यूमिनेटेड लोगो होगा और अन्य एडवांस्ड टेक फीचर्स जो इसे प्रीमियम फील देंगे।
INGLO प्लेटफॉर्म और पावरफुल बैटरी विकल्प
महिंद्रा XEV 7e को INGLO प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा, जिस पर BE 6 और XEV 9e जैसी इलेक्ट्रिक SUVs भी आधारित हैं। इसमें दो बैटरी विकल्प मिलने की संभावना है जो कि 59 kWh बैटरी पैक और 79 kWh बैटरी पैक होंगे। इसके अलावा, SUV में डुअल मोटर सेटअप दिया जाएगा जो इसे ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) क्षमता प्रदान करेगा।
कब लॉन्च होगी Mahindra XEV 7e?
महिंद्रा ने अभी तक XEV 7e की लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि ऑटो इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार, यह 2026 की पहली तिमाही (Q1 2026) तक भारत में लॉन्च हो सकती है।
