Mahindra Scorpio Sales Milestone: महिंद्रा स्कॉर्पियो भारतीय ग्राहकों के बीच लंबे समय से पसंद की जा रही है और इसकी बिक्री में कंपनी ने नया मुकाम हासिल कर लिया है। पहली बार 2002 में लॉन्च हुई महिंद्रा स्कॉर्पियो ने अब तक 9 लाख परिवारों के घर में जगह बना ली है। इस एसयूवी ने देश में अपने 11 साल पूरे कर लिए हैं और आम आदमी से लेकर नेता-मंत्री तक स्कॉर्पियो चलाते हैं। फिलहाल कंपनी स्कॉर्पियो के दो मॉडल भारत में बेच रही है जिनमें पुराने अंदाज वाली स्कॉर्पियो क्लासिक और नई जनरेशन स्कॉर्पियो एन शामिल हैं।
एसयूवी ने देश में अपने 11 साल पूरे कर लिए हैं और आम आदमी से लेकर नेता-मंत्री तक स्कॉर्पियो चलाते हैं।
कितनी है दोनों की कीमत
महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत जहां 13 लाख रुपये है, वहीं स्कॉर्पियो एन की कीमत 13.05 लाख रुपये से शुरू होती है। हाल में कंपनी ने स्कॉर्पियो एन की पहली वर्षगांठ मनाई है, इसके अलावा स्कॉर्पियो एन पर मिल रही 65 हफ्तों की वेटिंग घटकर अब 55 हफ्ते रह गई है। बता दें कि मई 2023 तक कंपनी के पास इस एसयूवी की 1.17 लाख बुकिंग मौजूद है जिनमें क्लासिक और एन मॉडल शामिल हैं।
स्कॉर्पियो क्लासिक की तुलना में बड़ी
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की तुलना स्कॉर्पियो क्लासिक से करें तो ये 206 मिमी लंबी, 97 मिमी चौड़ी और 70 मिमी ज्यादा व्हीलबेस के साथ मार्केट में उतारी गई है। नई जनरेशन के साथ 17-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, एलईडी टेललैंप्स, इलेक्ट्रिक ओआरवीएम और शार्कफिन एंटीना जैसे बाहरी बदलाव दिए गए है। ये एसयूवी 7 रंगों - डीप फॉरेस्ट, डैजलिंग सिल्वर, रॉयल गोल्ड, नपोली ब्लैक, ऐवरेस्ट व्हाइट, रैड रेज और ग्रैंड कैनन में पेश की गई है।
केबिन में क्या-क्या मिला
व्हीलबेस बढ़ने से नई स्कॉर्पियो एन का केबिन पहले ज्यादा जगह वाला हो गया है और महिंद्रा ने इसे प्रीमियम बनाया है। यहां 12 स्पीकर्स वाले सोनी सिस्टम के साथ 3डी सराउंड साउंड सिस्टम, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, 20.32 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सेगमेंट में सबसे चौड़ी सनरूफ, लेदरेट सीट्स और 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स एसयूवी के केबिन में दिए गए हैं। यहां एड्रीनॉक्स के जरिए टेंपरेचर कंट्रोल किया जा सकता है, इसके अलावा दावा है कि ये दुनिया की पहली एसयूवी है जिसे व्हाट3वर्ड्स नेविगेशन सिस्टम दिया गया है जो वॉइस कमांड पर काम करता है।
कितना दमदार है इंजन
नई स्कॉर्पियो एन के साथ एमस्टेलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 200 पीएस ताकत और 380 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। दूसरी ओर एमहॉक डीजल इंजन 175 पीएस पावर और 400 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। ये नई एसयूवी सेगमेंट की सबसे कम प्रदूषण फैलाने वाली कार बनकर सामने आई है। कंपनी ने इस दोनों इंजन को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों से लैस किया है। इसके साथ ही सेगमेंट में पहली बार शिफ्ट बाय केबल तकनीक का इस्तेमाल भी इसी एसयूवी में किया गया है।
सेफ्टी में भी जोरदार है नई एसयूवी
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के साथ 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल, ब्रेक डिस्क वाइपिंग, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक प्रीफिल, ई-कॉल, एसओएस स्विच और रोल ओवर मिटिगेशन जैसे कई और सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा नई एसयूवी कई ड्राइविंग मोड्स के साथ आई है जिनमें टारमेक, स्नो, मड और डेजर्ट शामिल हैं। नई कार को 4एक्सप्लोर टेरेन मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है।
