Keeway SR250 Launched In India: ऑटो एक्सपो 2023 में देश-दुनिया के बहुत सारे वाहन निर्माताओं ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज की है और इन्हीं में एक ताजा-ताजा भारत आई कीवे भी है. हंग्री के इस टू-व्हीलर ब्रांड ने भारत में रॉयल एनफील्ड हंटर 350 का मुकाबला करने के लिए बिल्कुल नई बाइक लॉन्च कर दी है. इस बाइक का नाम कीवे एसआर250 है और देश में इसकी एक्सशोरूम कीमत 1.49 लाख रुपये रखी गई है. गौरतलब है कि मार्केट में इस तरह की मोटरसाइकिल लंबे समय से चलन में हैं और इनकी बिक्री में कोई कमी भी नजर नहीं आ रही, ऐसे में रॉयल एनफील्ड के मुकाबले में ये नया विकल्प भारत में हिट भी हो सकता है.
रॉयल एनफील्ड के मुकाबले में ये नया विकल्प भारत में हिट भी हो सकता है.
किन फीचर्स से लैस है बाइक
कीवे एसआर250 मोटरसाइकिल को निओ क्लासिक रेट्रो थीम पर तैयार किया गया है जो भारतीय मार्केट में पहले से उपलब्ध एसआर125 को भी दिया गया है. स्टाइल और डिजाइन के मामले में ये बाइक ओल्ड स्कूल स्क्रैंबलर टाइप की है जहां मल्टी स्पोक व्हील्स, ब्लॉक पैटर्न के टायर्स, चॉप्ड फैंडर्स, फ्रंट फोर्क गेटर्स, गोल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और रिब्ड पैटर्न की सीट बाइक को दी गई है. फीचर्स पर नजर डालें तो इस मोटरसाइकिल के साथ गोल सिंगल पॉड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और एलईडी लाइटिंग पैकेज दिए गए हैं.
कितना दमदार है बाइक का इंजन
नई कीवे एसआर250 के साथ कंपनी ने 250 सीसी का सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन दिया है. ये इंजन लो और मिड दोनों रेंज में बाइक को दमदार टॉर्क मुहैया कराता है. भारतीय बाजार में इस बाइक का मुकाबला जोरदार है और इससे टक्कर लेने के लिए रॉयल एनफील्ड हंटर, टीवीएस रोनिन और कावासाकी डब्ल्ल्यू175 पहले से मार्केट में मौजूद हैं. देश में कीवे के पोर्टफोलियो में फिलहल 7 प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं और अब इसे मिलाकर कुल संख्या 8 हो गई है.
