How to Use Car AC in Rain: बारिश के इस मौसम में कार चालकों को न केवल बारिश परेशान करती है, बल्कि उन्हें कार के केबिन के अंदर बनने वाली उमस और शीशों पर जमने वाली धुंध भी परेशान करती है। बहुत से लोग कार एसी (Car AC) का इस्तेमाल करना बंद कर देते हैं या इसे गलत सेटिंग पर चलाना शुरू कर देते हैं इससे केबिन के अंदर नमी बढ़ती है। इतना ही नहीं, इससे फ्यूल की खपत भी बढ़ जाती है। वहीं, सही तरीके से एसी का इस्तेमाल किया जाए तो केबिन आरामदायक बना रहता है, शीशे साफ रहते हैं और AC पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ता। इस आर्टिकल में आपको यही बताने जा रहे हैं कि मानसून के दौरान कार एसी का इस्तेमाल किस तरह किया जाना चाहिए-
बारिश में कार एसी का ऐसे करें इस्तेमाल (AI Generated Image)
Recirculation Mode का करें इस्तेमाल
अगर बाहर तेज बारिश हो रही है तो AC को Recirculation Mode पर चलाना बेहतर माना जाता है। इस मोड में बाहर की नमी वाली हवा बार-बार केबिन में नहीं आती और कार जल्दी ठंडी हो जाती है। इससे AC को कम मेहनत करनी पड़ती है, जिससे फ्यूल की खपत पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।
शीशों पर धुंध जम जाए तो AC बंद न करें
मानसून में विंडशील्ड और साइड ग्लास पर धुंध जमना एक आम समस्या है। ऐसे में कई लोग AC बंद कर देते हैं, जबकि ऐसा करना सही नहीं है। अगर आपकी कार में Front Defogger दिया गया है, तो उसे चालू करें। अगर डिफॉगर नहीं है, तो AC की हवा को सीधे विंडशील्ड की ओर मोड़ दें। इससे शीशों पर जमी नमी जल्दी साफ हो जाती है और ड्राइविंग के दौरान विजिबिलिटी बेहतर बनी रहती है।
तापमान बहुत कम रखने की जरूरत नहीं
बारिश के मौसम में बाहर का तापमान पहले से ही कम होता है। इसलिए AC का तापमान बहुत कम रखने की बजाय आरामदायक स्तर पर रखें। इससे केबिन में ठंडक के साथ नमी भी कम होगी और AC को जरूरत से ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी।
Fresh Air Mode कब इस्तेमाल करें?
अगर कार के अंदर बदबू महसूस हो रही हो या लंबे समय तक Recirculation Mode इस्तेमाल किया हो, तो कुछ मिनटों के लिए Fresh Air Mode चालू किया जा सकता है। इससे केबिन में ताजी हवा आती है। हालांकि लगातार इसी मोड का इस्तेमाल करने से बारिश के दौरान बाहर की नम हवा भी अंदर आ सकती है, इसलिए जरूरत के अनुसार ही इसका इस्तेमाल करें।
AC की नियमित सफाई भी है जरूरी
मानसून में नमी बढ़ने से AC के फिल्टर और वेंट्स में धूल, फंगस और बैक्टीरिया जमा होने का खतरा रहता है। इसलिए समय-समय पर AC फिल्टर की सफाई या जरूरत पड़ने पर उसे बदलवाना चाहिए। इससे कूलिंग बेहतर रहती है और केबिन में बदबू आने की समस्या भी कम होती है।
